Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ब्रेकिंग न्यूज़

CG News : आश्रम की शर्मनाक लापरवाही, छात्रों को चावल के साथ परोसा गया नमक, प्रभारी अधीक्षक निलंबित, जांच शुरू

CG News
X

CG News : सुकमा। छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग के सुकमा जिले में बालक आश्रम मानकापाल में एक बार फिर बच्चों के भोजन से जुड़ी गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। छात्रों को पौष्टिक भोजन देने के बजाय केवल चावल और नमक परोसने की शिकायत ने जिला प्रशासन को हिलाकर रख दिया है। इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव ने प्रभारी अधीक्षक जय प्रकाश बघेल को तत्काल निलंबित कर विभागीय जांच शुरू कर दी है।

CG News : बता दें कि बालक आश्रम मानकापाल में बच्चों को दोपहर के भोजन में केवल चावल और नमक परोसे जाने की शिकायत स्थानीय लोगों और अभिभावकों ने जिला प्रशासन से की थी। यह मामला तब और गंभीर हो गया, जब कुछ समय पहले सुकमा के ही एक अन्य आश्रम में बच्चों के खाने में फिनाइल मिलने की घटना सामने आई थी। शिकायत मिलते ही कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव ने सहायक आयुक्त हेमंत सिन्हा और मंडल संयोजक को मौके पर भेजकर तत्काल जांच के आदेश दिए। जांच में पाया गया कि आश्रम में बच्चों को पौष्टिक भोजन देने के बजाय केवल चावल और नमक परोसा गया, जो बच्चों के स्वास्थ्य के लिए अत्यंत हानिकारक है।

CG News : जांच में प्रभारी अधीक्षक जय प्रकाश बघेल को पदीय कर्तव्यों में घोर लापरवाही और सिविल सेवा आचरण नियम 1965 के नियम 3 के उल्लंघन का दोषी पाया गया। कलेक्टर के निर्देश पर जय प्रकाश बघेल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय कार्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी, सुकमा रहेगा, और वे नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते के हकदार होंगे। साथ ही, उनके खिलाफ विभागीय जांच शुरू की गई है, जिसमें भोजन व्यवस्था में लापरवाही और अन्य अनियमितताओं की पड़ताल की जाएगी।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019