CG News : जशपुर। रक्षाबंधन के पावन अवसर पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शनिवार को दो दिवसीय दौरे पर अपने गृह जिले जशपुर पहुंचे। बगिया स्थित हेलीपैड पर उनका फूल-मालाओं के साथ स्वागत किया गया। इस दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आई महिलाओं ने मुख्यमंत्री को राखी बांधकर उनके दीर्घायु और समृद्धि की कामना की।
CG News : नवीन जशपुर एक्सप्रेस का शुभारंभ-
मुख्यमंत्री साय ने रक्षाबंधन के अवसर पर जशपुर की महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया। उन्होंने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) की बिहान योजना के तहत ‘नवीन जशपुर एक्सप्रेस’ का शुभारंभ किया। इस पहल के अंतर्गत 12 महिलाओं को ई-रिक्शा वितरित किए गए। ई-रिक्शा प्राप्त करने वाली महिलाओं ने मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि यह तोहफा उन्हें आत्मनिर्भर बनने में मदद करेगा। उन्होंने रक्षाबंधन के इस खास मौके पर मिले इस उपहार से अपनी खुशी और संतुष्टि व्यक्त की।

CG News : सीएम साय का संबोधन-
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों को संबोधित करते हुए रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा, इस बार मैंने रक्षाबंधन का त्योहार अपने घर बगिया में, अपने क्षेत्र के लोगों के साथ मनाने का निर्णय लिया था। यह मेरे लिए बेहद भावुक और सुखद क्षण है। उन्होंने महिलाओं की आत्मनिर्भरता पर जोर देते हुए कहा कि बिहान योजना के तहत दी गई सुविधाएं जशपुर की महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त करेंगी।
CG News : बिहान योजना और आत्मनिर्भरता-
बिहान योजना के तहत ई-रिक्शा वितरण का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को स्वरोजगार के अवसर प्रदान करना है। यह योजना महिलाओं को आर्थिक स्वावलंबन की दिशा में प्रोत्साहित करती है, जिससे वे अपने परिवार और समाज में सकारात्मक बदलाव ला सकें। ई-रिक्शा प्राप्त करने वाली महिलाओं ने इसे न केवल आजीविका का साधन बताया, बल्कि इसे अपनी स्वतंत्रता और आत्मसम्मान का प्रतीक भी माना।

