CG News: इसरो वैज्ञानिकों ने की मुख्यमंत्री साय से मुलाकात, बोले- इसरो की उपलब्धियाँ हर भारतवासी के लिए गर्व का विषय

CG News
CG News
CG News: रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से इसरो अहमदाबाद केंद्र के निदेशक डॉ. एन. एम. देसाई के नेतृत्व में वैज्ञानिकों के प्रतिनिधिमंडल ने रायपुर स्थित निवास कार्यालय में सौजन्य भेंट की। मुलाकात में छत्तीसगढ़ की इसरो परियोजनाओं में भागीदारी, युवाओं के लिए अवसर, तकनीकी उपयोग और शिक्षा पर चर्चा हुई।
CG News: मुख्यमंत्री ने इसरो की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि भारत का अंतरिक्ष विज्ञान में गौरव प्रत्येक भारतीय के लिए प्रेरणा है। उन्होंने छत्तीसगढ़ में नवाचार और तकनीकी शिक्षा को बढ़ावा देने पर जोर दिया, ताकि युवा अंतरिक्ष अभियानों में हिस्सा ले सकें। साय ने इसरो से विद्यार्थियों के लिए इंटर्नशिप और प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू करने का आग्रह किया। उन्होंने इसरो की तकनीक का उपयोग कृषि, खनन नियंत्रण, भू-अतिक्रमण निगरानी और धान खरीदी में अवैध गतिविधियों की रोकथाम के लिए प्रभावी बताया।
CG News: डॉ. देसाई ने इसरो की परियोजनाओं की जानकारी दी और छत्तीसगढ़ में युवाओं के लिए अभिनव कार्यक्रम शुरू करने का आश्वासन दिया। प्रदेश में ‘स्पेस गैलरी’ स्थापना पर भी चर्चा हुई। उन्होंने सीएम को इसरो केंद्र भ्रमण का न्योता दिया और चंद्रयान मिशन की प्रतिकृतियां भेंट की।
CG News: बैठक में वैज्ञानिक भगवान मधेश्वर की तस्वीर देखकर अभिभूत हुए। सीएम ने बताया कि जशपुर का मधेश्वर पहाड़ प्राकृतिक शिवलिंग का धार्मिक और सांस्कृतिक केंद्र है। उन्होंने वैज्ञानिकों को मधेश्वर की तस्वीर भेंट की। इस अवसर पर प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह, सचिव राहुल भगत, रीना कंगाले, डॉ. एस. भारतीदासन सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।


