CG Naxal News
CG News : सुकमा। जिले में नक्सलियों के शहीदी सप्ताह के दौरान मंगलवार सुबह से सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ जारी है। डीआरजी, सीआरपीएफ और एसटीएफ के जवान नक्सलियों को मुंहतोड़ जवाब दे रहे हैं। इस मुठभेड़ में नक्सलियों को भारी नुकसान होने की खबर है, हालांकि अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
सूत्रों के अनुसार, नक्सलियों के शहीदी सप्ताह के चलते सुरक्षा बलों ने इलाके में सर्चिंग अभियान तेज कर दिया था। इसी दौरान सुकमा के जंगलों में नक्सलियों ने जवानों पर हमला कर दिया, जिसके बाद दोनों ओर से गोलीबारी शुरू हो गई। मुठभेड़ के दौरान एक आईईडी ब्लास्ट में दो जवानों को मामूली चोटें आई हैं, जिनका इलाज जारी है।
सुकमा के पुलिस अधीक्षक किरण चव्हाण और सीआरपीएफ के डीआईजी आनंद सिंह राजपुरोहित स्थिति पर करीब से नजर रखे हुए हैं। एसपी किरण चव्हाण ने बताया, हमारे जवान बहादुरी से नक्सलियों का मुकाबला कर रहे हैं। मुठभेड़ अभी भी जारी है, और इलाके में सर्चिंग अभियान चल रहा है।
