Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ब्रेकिंग न्यूज़

CG News : सीएम विष्णुदेव साय ने दक्षिण कोरिया में निवेशकों को निवेश का दिया न्योता, बोले- औद्योगिक और सामाजिक विकास में बनें भागीदार

CG News
X

CG News

CG News : सियोल/रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दक्षिण कोरिया की राजधानी सियोल में आयोजित 'छत्तीसगढ़ इन्वेस्टर कनेक्ट' कार्यक्रम में कोरिया इंटरनेशनल ट्रेड एसोसिएशन और प्रमुख निवेशकों को संबोधित करते हुए राज्य में निवेश की अपार संभावनाओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ अपनी नई औद्योगिक नीति 2024-30, प्रचुर प्राकृतिक संसाधनों और कुशल मानव संसाधनों के साथ वैश्विक निवेश के लिए एक आदर्श गंतव्य बनने को तैयार है।

CG News : कोरियाई कंपनियों के लिए अवसर

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि सैमसंग, एलजी और हुंडई जैसे कोरियाई ब्रांड भारत के हर घर में अपनी जगह बना चुके हैं। छत्तीसगढ़ में उपलब्ध जल, ऊर्जा, लौह अयस्क, स्टील और उत्कृष्ट कनेक्टिविटी कोरियाई निवेशकों के लिए नए अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने निवेशकों को भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार सिंगल-विंडो सिस्टम, व्यवसाय सुगमता और उद्योग-अनुकूल नीतियों के जरिए हर कदम पर सहयोग देगी।

CG News : निवेश के लिए विविध क्षेत्र

सीएम साय ने बताया कि छत्तीसगढ़ खनिज, ऊर्जा, इस्पात, खाद्य प्रसंस्करण, इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण और आईटी-स्टार्टअप जैसे क्षेत्रों में निवेशकों का स्वागत कर रहा है। उन्होंने जोर देकर कहा कि राज्य का विकास मॉडल केवल औद्योगिक प्रगति तक सीमित नहीं है, बल्कि यह युवाओं को रोजगार, महिलाओं को आत्मनिर्भरता और किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने पर केंद्रित है।

CG News : सामाजिक सशक्तिकरण पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ का विकास मॉडल समावेशी है, जो औद्योगिक निवेश के साथ-साथ सामाजिक उत्थान को प्राथमिकता देता है। उन्होंने दक्षिण कोरियाई निवेशकों से आग्रह किया कि वे छत्तीसगढ़ को अपने अगले औद्योगिक निवेश के लिए चुनें और साझा समृद्धि की इस यात्रा का हिस्सा बनें।

CG News : भारतीय दूतावास के साथ चर्चा

इस दौरान सीएम साय ने सियोल में भारतीय राजदूत अमित कुमार से मुलाकात की और छत्तीसगढ़ में निवेश की संभावनाओं पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने स्टील, खनिज, इलेक्ट्रॉनिक्स और खाद्य प्रसंस्करण जैसे क्षेत्रों में द्विपक्षीय आर्थिक साझेदारी की संभावनाओं पर जोर दिया। साय ने कहा कि दक्षिण कोरिया के साथ सहयोग से प्रौद्योगिकी हस्तांतरण, अनुसंधान, नवाचार और उच्च मूल्य वाले रोजगार के अवसरों में वृद्धि होगी।

CG News : सांस्कृतिक और कारोबारी रिश्तों पर बल

मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ और दक्षिण कोरिया के बीच सांस्कृतिक और व्यावसायिक संबंधों को मजबूत करने की बात कही। उन्होंने कोरियाई निवेशकों को विश्वास दिलाया कि छत्तीसगढ़ में निवेश न केवल आर्थिक लाभ देगा, बल्कि दोनों क्षेत्रों के बीच दीर्घकालिक साझेदारी को भी बढ़ावा देगा।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019