Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ब्रेकिंग न्यूज़

CG News : सीएम विष्णु देव साय ने जापान में सरताज फूड्स को किया 100 करोड़ के निवेश का न्योता, किसानों और युवाओं को मिलेगा लाभ

CG News
X

CG News

CG News : रायपुर/ओसाका। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जापान के ओसाका में आयोजित इन्वेस्टर कनेक्ट कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्य को निवेश के लिए आकर्षक गंतव्य के रूप में पेश किया। उन्होंने प्राकृतिक संसाधनों, कुशल मानवबल और उद्योग-अनुकूल नीतियों के संगम के रूप में छत्तीसगढ़ की ताकत को रेखांकित किया। इस दौरान उन्होंने जापानी कंपनी सरताज फूड्स को छत्तीसगढ़ में फूड प्रोसेसिंग यूनिट स्थापित करने के लिए 11.45 मिलियन डॉलर (लगभग 100 करोड़ रुपये) के निवेश का प्रस्ताव दिया।

यह परियोजना राज्य के फूड प्रोसेसिंग क्षेत्र को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगी और बड़े पैमाने पर रोजगार सृजन के साथ-साथ किसानों को नए अवसर प्रदान करेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह कदम छत्तीसगढ़ की कृषि-आधारित अर्थव्यवस्था को और मजबूत करेगा। उन्होंने ट्वीट कर इस पहल को युवाओं के लिए रोजगार और किसानों के लिए बेहतर आय का साधन बताया।

CG News : जापान के साथ मजबूत साझेदारी

सीएम साय ने मोराबु हंशिन कंपनी के प्रेसिडेंट नाओयुकी शिमाडा से भी मुलाकात की, जो कुशल इंजीनियरिंग और वर्कफोर्स सॉल्यूशंस में अग्रणी है। इस बैठक में कौशल प्रशिक्षण और वर्कफोर्स एक्सचेंज के लिए सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे छत्तीसगढ़ के युवाओं को वैश्विक अवसर मिलेंगे और राज्य का कौशल तंत्र सशक्त होगा।

CG News : निवेशकों के लिए अनुकूल माहौल

कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के अधिकारियों ने राज्य की प्रचुर खनिज संपदा, सिंगल-विंडो क्लियरेंस सिस्टम, विश्वस्तरीय औद्योगिक ढांचे और निवेशकों के लिए सहज वातावरण की जानकारी दी। जापानी प्रतिनिधियों ने फूड प्रोसेसिंग, प्रौद्योगिकी और उन्नत वर्कफोर्स सॉल्यूशंस में निवेश के लिए छत्तीसगढ़ को उपयुक्त माना।

मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा, "छत्तीसगढ़ निवेश-अनुकूल इकोसिस्टम प्रदान करता है, जहां वैश्विक साझेदारों को अवसर और सहयोग मिलता है। जापान के साथ हमारी साझेदारी विश्वास और साझा मूल्यों पर आधारित है। ओसाका में हुई बातचीत से न केवल निवेश आएगा, बल्कि किसानों को सशक्त बनाया जाएगा, युवाओं को रोजगार मिलेगा और विकसित छत्तीसगढ़ की नींव मजबूत होगी।"


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019