Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ब्रेकिंग न्यूज़

CG News : संपूर्णता अभियान में CM साय ने बस्तर-कोंडागांव और 6 विकासखंडों को दिया स्वर्ण पदक

CG News
X

CG News

CG News : रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने संपूर्णता अभियान के तहत उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले आकांक्षी जिलों और विकासखंडों को सम्मानित किया। रायपुर के नवीन विश्राम भवन में आयोजित समारोह में सीएम साय ने जुलाई 2024 से सितंबर 2024 तक संचालित इस अभियान में निर्धारित लक्ष्यों को हासिल करने वाले जिलों और विकासखंडों को पुरस्कार प्रदान किए। इस दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों को भी उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया।

स्वर्ण पदक से सम्मानित जिले और विकासखंड

संपूर्णता अभियान में सभी छह संकेतकों में पूर्ण संतृप्ति हासिल करने वाले बस्तर और कोंडागांव जिलों को स्वर्ण पदक से नवाजा गया। इसके अलावा, शंकरगढ़, मैनपुर, माकड़ी, कोयलीबेड़ा, ओरछा, और प्रतापपुर विकासखंडों को भी स्वर्ण पदक प्रदान किया गया। दंतेवाड़ा, कोरबा, कांकेर, नारायणपुर जिलों और लखनपुर, बैकुंठपुर, दुर्गकोंदूल, गौरेला-2, कोरबा, और पिथौरा विकासखंडों को रजत पदक, बीजापुर जिले और गरियाबंद, उसूर, पोड़ी उपरोड़ा, बोड़ला, तोकापाल, और कुआंकोंडा विकासखंडों को कांस्य पदक, तथा मानपुर-मोहला-अंबागढ़ चौकी, महासमुंद, सुकमा जिलों और अंबागढ़ चौकी विकासखंड को ताम्र पदक से सम्मानित किया गया।

संपूर्णता अभियान का उद्देश्य

संपूर्णता अभियान के तहत आकांक्षी जिलों के 49 और विकासखंडों के 40 संकेतकों में से छह-छह प्रमुख संकेतकों को चिह्नित किया गया था। इनमें एएनसी पंजीकरण, पूरक पोषण ले रही गर्भवती महिलाएं, मृदा स्वास्थ्य कार्ड, पूर्ण टीकाकरण वाले बच्चे, बिजली वाले स्कूल, और शैक्षणिक सत्र शुरू होने के एक महीने के भीतर पाठ्यपुस्तकें उपलब्ध कराने वाले स्कूल शामिल थे। अभियान का लक्ष्य इन संकेतकों में पूर्ण संतृप्ति हासिल करना था, जिसे कई जिलों और विकासखंडों ने सफलतापूर्वक पूरा किया।

सीएम साय का संदेश

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प में हर वर्ग का विकास शामिल है। विशेष पिछड़ी जनजातियों (PVTGs) और सुदूर क्षेत्रों में रहने वालों को विकास की सबसे अधिक जरूरत है।” उन्होंने प्रधानमंत्री जनमन योजना का जिक्र करते हुए कहा कि इसके तहत सुदूर वनांचलों में आवास, पेयजल, बिजली, सड़क, और अन्य बुनियादी सुविधाएं पहुंच रही हैं। धरती आबा ग्राम उत्कर्ष अभियान के तहत छत्तीसगढ़ के 6,661 गांवों में विकास की रोशनी पहुंच रही है। सीएम ने जोर दिया कि आकांक्षी जिलों और विकासखंडों में तेजी से प्रगति हो रही है, जो राज्य के समग्र विकास का आधार बनेगी।

उपमुख्यमंत्रियों का बयान

उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि आकांक्षी जिला कार्यक्रम 2018 से विकास की दौड़ में पिछड़े क्षेत्रों को आगे लाने का काम कर रहा है। उन्होंने कहा, “मानव सूचकांकों को सुधारकर और संतृप्ति के स्तर पर लाकर हम विकसित छत्तीसगढ़ और भारत का निर्माण कर रहे हैं।” वहीं, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि भौतिक प्रगति के साथ-साथ मानव विकास संकेतकों पर ध्यान देना जरूरी है। उन्होंने सभी जिलों और विकासखंडों को और बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।

समारोह में शामिल गणमान्य

कार्यक्रम में सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक सुनील सोनी, मोतीलाल साहू, और गुरु खुशवंत साहेब उपस्थित थे। मुख्य सचिव अमिताभ जैन और योजना, आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग के सचिव अंकित आनंद ने अभियान की उपलब्धियों पर विस्तृत जानकारी दी। नीति आयोग के सदस्य-सचिव आशीष भट्ट, सदस्य के. सुब्रमण्यम, और विभाग की संचालक रोक्तिमा यादव भी मौजूद रहीं।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019