CG News: Accusation of theft shatters 17-year-old student; body found hanging; IC Mart sealed.
CG News : बैकुंठपुर। छत्तीसगढ़ के बैकुंठपुर में एक 17 वर्षीय छात्रा की आत्महत्या ने पूरे शहर को झकझोर दिया है। परिजनों का आरोप है कि आईसी मार्ट प्रबंधन द्वारा चोरी का आरोप लगाकर कथित रूप से मानसिक प्रताड़ना, सार्वजनिक अपमान और पैसों की मांग किए जाने के बाद छात्रा ने फांसी लगाकर जान दे दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच के लिए आईसी मार्ट को सील कर दिया है।
CG News : मृतका की पहचान पुलिस लाइन निवासी प्रधान आरक्षक शिवनाथ सिंह पैकरा की 17 वर्षीय पुत्री रितु सिंह के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आईसी मार्ट प्रबंधन ने रितु पर कॉस्मेटिक सामान चोरी करने का आरोप लगाया और उससे एक लिखित बयान भी लिया, जिसमें कथित तौर पर चोरी स्वीकार करने की बात लिखवाई गई।
CG News : परिजनों का आरोप है कि इसके बाद मार्ट प्रबंधन ने पहले 15 हजार रुपये, फिर 20 हजार रुपये और अंत में 50 हजार रुपये की मांग की। इतना ही नहीं, छात्रा की स्कूटी भी अपने पास रख ली गई। परिवार का कहना है कि इस पूरे घटनाक्रम से रितु मानसिक रूप से बेहद आहत थी। बताया जा रहा है कि बुधवार दोपहर छात्रा ने अपने पिता के शासकीय आवास में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है।
CG News : बैकुंठपुर सिटी कोतवाली प्रभारी राजेश तिवारी ने बताया कि मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने और साक्ष्यों से किसी भी तरह की छेड़छाड़ रोकने के लिए आईसी मार्ट को सील कर दिया गया है। फॉरेंसिक साइंस लैब की टीम दुकान में लगे सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों की जांच करेगी। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

