Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ब्रेकिंग न्यूज़

CG News : ACB का बड़ा एक्शन, पेंशन के लिए घूस लेते बाबू गिरफ्तार, इधर हाउसिंग बोर्ड के रिश्वतखोर कमिश्नर और क्लर्क दबोचे गए

CG News
X

CG News : कोंडागांव/अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो ने एक साथ दो जिलों में बड़ी कार्रवाई कर सिस्टम में फैली रिश्वतखोरी पर करारा प्रहार किया है। कोंडागांव में पेंशन शुरू कराने के बदले बुजुर्ग शिक्षक से घूस मांगने वाला बाबू रंगे हाथों पकड़ा गया, वहीं अंबिकापुर में हाउसिंग बोर्ड के संभागीय कमिश्नर और क्लर्क को ठेकेदार से रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया गया है।

CG News : पेंशन के नाम पर बुजुर्ग से वसूली, बाबू धराया-

कोंडागांव के बीईओ कार्यालय में पदस्थ बाबू सतीश सोढ़ी ने रिटायर्ड शिक्षक सोनसिंह यादव से पेंशन शुरू कराने के बदले 40 हजार रुपये की मांग की थी। लंबे समय तक कार्यालय के चक्कर लगाने से परेशान होकर पीड़ित ने ACB में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत की पुष्टि के बाद ACB जगदलपुर की टीम ने जाल बिछाया और रिश्वत लेते समय आरोपी बाबू को रंगे हाथों दबोच लिया। हैरानी की बात यह है कि इसी बीईओ कार्यालय में यह ACB की तीसरी बड़ी कार्रवाई है। इससे पहले भी यहां पदस्थ कर्मचारियों पर भ्रष्टाचार के आरोपों में कार्रवाई हो चुकी है, बावजूद इसके रिश्वतखोरी थमने का नाम नहीं ले रही।

CG News : अंबिकापुर में हाउसिंग बोर्ड के अफसर भी फंसे-

दूसरी कार्रवाई अंबिकापुर के गोधनपुर स्थित हाउसिंग बोर्ड संभागीय कार्यालय में हुई। यहां ACB ने संभागीय कमिश्नर पीसी अग्रवाल और क्लर्क अनिल सिंह को एक ठेकेदार से 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया। आरोप है कि काम पास कराने के एवज में यह रकम मांगी गई थी। ACB ने दोनों आरोपियों को मौके से हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। इन ताबड़तोड़ कार्रवाइयों से सरकारी महकमों में हड़कंप मच गया है और भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त संदेश गया है।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019