CG News: A dispute over paddy money led to a kidnapping incident; the accused took the youth to Jharkhand, and he was rescued by the police within 24 hours.
CG News : रायगढ़। जिले में धान खरीदी-बिक्री के पैसों को लेकर शुरू हुआ विवाद अचानक अपहरण कांड में बदल गया। दिनदहाड़े युवक को घर से जबरन उठाकर झारखंड ले जाया गया, लेकिन छत्तीसगढ़ पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए महज 24 घंटे के भीतर युवक को सकुशल बरामद कर लिया।
CG News : मामला लैलूंगा थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, मुड़ागांव निवासी रविनारायण बंजारा झारखंड के पवन साहू के साथ धान खरीदी-बिक्री का काम करता था। दोनों के बीच पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा था। रविनारायण का कहना था कि करीब डेढ़ लाख रुपये बाकी हैं, जबकि पवन साहू 12 लाख रुपये की मांग कर रहा था।
CG News : बताया जा रहा है कि 10 मई की दोपहर पवन साहू अपने साथियों नरेंद्र साहू और विष्णु साहू के साथ दो स्कॉर्पियो वाहनों में रविनारायण के घर पहुंचा। वहां पैसों को लेकर कहासुनी हुई और फिर आरोपियों ने युवक के साथ मारपीट शुरू कर दी। परिवार के सामने ही उसे जबरन वाहन में बैठाकर अगवा कर लिया गया। बीच-बचाव करने पहुंची उसकी मां से भी आरोपियों ने मारपीट की।
CG News : घटना की शिकायत मिलते ही लैलूंगा पुलिस ने तत्काल अपहरण का मामला दर्ज कर विशेष टीम गठित की। तकनीकी जांच और लगातार पीछा करते हुए पुलिस टीम झारखंड के रांची पहुंची, जहां दबिश देकर रविनारायण को सुरक्षित छुड़ा लिया गया।
CG News : पुलिस ने मामले में तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, साथ ही वारदात में इस्तेमाल दो स्कॉर्पियो वाहन भी जब्त किए गए हैं। फिलहाल आरोपियों से पूछताछ जारी है और पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है।

