CG Crime : महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में हुई दो सनसनीखेज चोरी और डकैती की वारदातों का पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। रायपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक अमरेश मिश्रा ने प्रेस वार्ता में अंतर्राज्यीय गिरोह के पर्दाफाश की जानकारी दी। इस कार्रवाई में 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि 2 आरोपी अभी फरार हैं। पुलिस ने कुल 93 लाख 33 हजार 104 रुपये की संपत्ति जब्त की है, जिसमें बड़ी मात्रा में सोना-चांदी के जेवरात और वाहन शामिल हैं।
CG Crime : पुलिस जांच में चौंकाने वाला तथ्य सामने आया कि इस गिरोह का मास्टरमाइंड हेमंत अग्रवाल उर्फ कान्हा अपने ही रिश्तेदारों को निशाना बनाता था। आरोपी ने ग्राम बल्दीडीह (थाना सांकरा) में अपने सगे चाचा के घर चोरी करवाई, वहीं मई 2025 में ग्राम चरौदा (थाना छुरा, जिला गरियाबंद) में अपनी सगी बहन के ससुराल में डकैती की वारदात को अंजाम दिया।
CG Crime : थाना सांकरा में दर्ज अपराध क्रमांक 186/2025 की विवेचना के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली, जिसके बाद शुभम साहू को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में उसने अपने साथियों के साथ वारदातों को अंजाम देने की बात कबूल की। इसके बाद मास्टरमाइंड कान्हा अग्रवाल समेत अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी हुई। जांच में सामने आया कि आरोपी पहले घरों की रेकी करते थे और फिर सुनियोजित तरीके से चोरी व डकैती को अंजाम देते थे। चोरी के जेवरात अलग-अलग ज्वेलरी दुकानों में खपाए जाते थे।

CG Crime : पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 471.24 ग्राम सोने के आभूषण (कीमत करीब 68.81 लाख रुपये), 1 किलो 429.53 ग्राम चांदी के आभूषण (कीमत करीब 4.03 लाख रुपये), वारदात में प्रयुक्त टाटा नेक्सॉन कार, मारुति स्विफ्ट कार, यामाहा मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और अन्य सामान जब्त किया है।
CG Crime : गिरफ्तार आरोपियों में शुभम साहू (झलप, महासमुंद), हेमंत अग्रवाल उर्फ कान्हा (अनसुला, महासमुंद), रौनक उर्फ भूपेंद्र सिंह सलुजा (पिथौरा), योगेश कुमार साहू (सिमगा) और दीपक चंद्रवंशी (कवर्धा) शामिल हैं। वहीं प्रफुल्ल चंद्रवंशी (कवर्धा) और मुकुंद उर्फ टाइगर (गोंदिया, महाराष्ट्र) फरार हैं।
CG Crime : यह पूरी कार्रवाई IG अमरेश मिश्रा (IPS) के निर्देशन और पुलिस अधीक्षक महासमुंद प्रभात कुमार (IPS) के मार्गदर्शन में की गई। आरोपियों की धरपकड़ और माल बरामदगी के लिए 6 विशेष टीमों का गठन किया गया था। पुलिस अब फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है, साथ ही चोरी का माल खरीदने वाले ज्वेलर्स के खिलाफ भी कड़ी कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Discover more from ASIAN NEWS BHARAT - Voice of People
Subscribe to get the latest posts sent to your email.


