Share Market: सेंसेक्स 333 अंक चढ़ा, निफ्टी 23,217.60 पर बंद; रुपया लगातार 7वें दिन कमजोर
सेंसेक्स-निफ्टी में तेजी...

Share Market: मुंबई: घरेलू शेयर बाजार में बुधवार को तेजी रही। सेंसेक्स 332.63 अंक यानी 0.45% बढ़कर 74,336.45 पर बंद हुआ। वहीं, निफ्टी 99 अंक यानी 0.43% की बढ़त के साथ 23,217.60 पर पहुंच गया। बाजार में तेजी से रुपये को भी कुछ सहारा मिला।
रुपया लगातार सातवें दिन कमजोर
भारतीय रुपया बुधवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले लगातार सातवें कारोबारी सत्र में कमजोर हुआ। रुपया 7 पैसे गिरकर 95.95 प्रति डॉलर (अस्थायी) पर बंद हुआ। कारोबार की शुरुआत 95.89 के स्तर पर हुई और दिनभर 95.85 से 95.98 के बीच रहा। मंगलवार को रुपया 34 पैसे गिरकर 95.88 पर बंद हुआ था।
विदेशी निवेशकों की बिकवाली से दबाव
एक्सचेंज के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) ने मंगलवार को भारतीय शेयर बाजार में 2,977.86 करोड़ रुपए की शुद्ध बिकवाली की। विदेशी पूंजी की निकासी और डॉलर में मजबूती से रुपये पर दबाव बढ़ा।
कच्चा तेल और अमेरिकी बॉन्ड यील्ड भी वजह
मीराए एसेट शेयरखान के शोध विश्लेषक अनुज चौधरी के अनुसार, अमेरिकी फेडरल रिजर्व के फैसले से पहले डॉलर की मजबूती, कच्चे तेल की ऊंची कीमतें और अमेरिकी ट्रेजरी यील्ड में बढ़ोतरी ने रुपये को प्रभावित किया। आयातकों की डॉलर मांग भी बढ़ी।
पश्चिम एशिया तनाव से तेल बाजार प्रभावित
वैश्विक तेल बाजार में भी उतार-चढ़ाव रहा। ब्रेंट क्रूड 1.14% गिरकर 107.51 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था। विश्लेषकों के मुताबिक, पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव से वैश्विक तेल आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका ने बाजार की चिंता बढ़ाई है।


