Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ब्रेकिंग न्यूज़

Bihar News : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने 551 मॉडल स्कूलों का शुभारंभ, बोले - राज्य में शिक्षा के क्षेत्र में क्रांतिकारी कदम

Bihar News : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने 551 मॉडल स्कूलों का शुभारंभ, बोले - राज्य में शिक्षा के क्षेत्र में क्रांतिकारी कदम
X

Bihar News : पटना। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर की जन्मभूमि बेगूसराय से राज्य की शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए 551 अत्याधुनिक मॉडल स्कूलों का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य सरकारी स्कूलों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना है, ताकि आने वाले समय में अधिकारी, जनप्रतिनिधि और आम नागरिक भी अपने बच्चों का दाखिला सरकारी विद्यालयों में कराने पर गर्व महसूस करें।

हर प्रखंड में आधुनिक शिक्षा सुविधाओं पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार को फिर से ज्ञान और शिक्षा की वैश्विक पहचान दिलाने के लिए राज्य सरकार लगातार काम कर रही है। मॉडल स्कूलों में स्मार्ट क्लास, ई-लाइब्रेरी, कंप्यूटर शिक्षा और आधुनिक शिक्षण सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके साथ ही प्रत्येक प्रखंड में डिग्री कॉलेज स्थापित करने, गांव-गांव तक व्यावसायिक शिक्षा पहुंचाने और युवाओं के लिए रोजगारोन्मुख शिक्षा व्यवस्था विकसित करने की दिशा में भी सरकार तेजी से कार्य कर रही है।

दिनकर विश्वविद्यालय की स्थापना का ऐलान

समारोह के दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बेगूसराय में राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर के नाम पर एक नए विश्वविद्यालय की स्थापना की घोषणा की। उन्होंने कहा कि दिनकर ने अपनी साहित्यिक प्रतिभा से बिहार का गौरव पूरे देश और दुनिया में बढ़ाया। उनके नाम पर बनने वाला विश्वविद्यालय शिक्षा और शोध के क्षेत्र में नई पहचान स्थापित करेगा।

सरकारी स्कूलों में बनेगा करियर काउंसलिंग और प्लेसमेंट सिस्टम

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य के सरकारी स्कूलों और कॉलेजों में करियर काउंसलिंग एवं प्लेसमेंट सेल भी स्थापित किए जाएंगे, ताकि विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ रोजगार और करियर संबंधी बेहतर मार्गदर्शन मिल सके। उन्होंने कहा कि सरकार शिक्षा को केवल डिग्री तक सीमित नहीं रखना चाहती, बल्कि युवाओं को रोजगार और आत्मनिर्भरता से जोड़ना उसका प्रमुख उद्देश्य है।

शिक्षा मंत्री ने याद दिलाई बिहार की गौरवशाली परंपरा

शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि भगवान श्रीराम ने जन्म भले ही उत्तर प्रदेश में लिया, लेकिन शिक्षा प्राप्त करने के लिए बिहार के बक्सर की धरती को चुना। उन्होंने कहा कि नालंदा, तक्षशिला और विक्रमशिला जैसे विश्वविद्यालयों ने कभी पूरी दुनिया को ज्ञान का मार्ग दिखाया था और अब बिहार फिर से उसी गौरव को हासिल करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

मानव संसाधन में निवेश पर सरकार का फोकस

शिक्षा मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार केवल शैक्षणिक भवनों का निर्माण नहीं कर रही, बल्कि भविष्य के मानव संसाधन में निवेश कर रही है। आधुनिक शैक्षणिक ढांचे, तकनीकी सुविधाओं और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के माध्यम से बिहार को फिर से देश के अग्रणी शिक्षा केंद्रों में शामिल करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने विश्वास जताया कि शिक्षा क्षेत्र में शुरू की गई यह पहल राज्य के युवाओं के भविष्य को नई दिशा देगी।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019