Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ब्रेकिंग न्यूज़

Bihar News : बक्सर में 50 हजार की रिश्वत लेते दरोगा गिरफ्तार, केस में मदद और पैरवी के नाम पर मांग रहा था रकम

ब्रह्मपुर थाने में तैनात सब-इंस्पेक्टर पर केस में मदद के बदले रिश्वत मांगने का आरोप, निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की टीम ने जाल बिछाकर रंगे हाथों पकड़ा

Bihar News : बक्सर में 50 हजार की रिश्वत लेते दरोगा गिरफ्तार, केस में मदद और पैरवी के नाम पर मांग रहा था रकम
X

Bihar News : बक्सर। बिहार के बक्सर जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने बड़ी कार्रवाई की है। ब्रह्मपुर थाने में तैनात सब-इंस्पेक्टर नीरज कुमार को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया है। आरोप है कि दरोगा थाने में दर्ज एक मामले में मदद और पैरवी करने के बदले परिवादी से रिश्वत मांग रहा था।

शिकायत के बाद निगरानी विभाग ने बिछाया जाल

जानकारी के मुताबिक, परिवादी अमरनाथ यादव ने दारोगा नीरज कुमार पर रिश्वत मांगने का आरोप लगाते हुए पटना स्थित निगरानी अन्वेषण ब्यूरो में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि केस में मदद और पैरवी करने के बदले 50 हजार रुपये की मांग की जा रही थी। शिकायत मिलने के बाद निगरानी विभाग ने मामले का गोपनीय सत्यापन कराया। आरोपों की पुष्टि होने के बाद आरोपी दारोगा को पकड़ने के लिए विशेष टीम गठित की गई।

रिश्वत लेते ही टीम ने दबोचा

कार्रवाई के लिए सीनियर डीएसपी विनोद कुमार सिंह और डीएसपी विनोद कुमार के नेतृत्व में नौ सदस्यीय टीम बनाई गई। योजना के मुताबिक, जैसे ही परिवादी ने दरोगा को रिश्वत के 50 हजार रुपये दिए, निगरानी टीम ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तारी के बाद पूछताछ जारी

गिरफ्तारी के बाद निगरानी टीम आरोपी दरोगा को ब्रह्मपुर में नेशनल हाईवे के पास स्थित एक निजी होटल में ले गई, जहां उससे पूछताछ की गई। निगरानी टीम के सदस्य आशीष चौबे के मुताबिक, मामले से जुड़े तथ्यों को जुटाया जा रहा है। वहीं, डुमरांव के एसडीपीओ भास्कर रंजन ने भी दरोगा की गिरफ्तारी की पुष्टि की है। आरोपी के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019