Bihar Flood Relief : बाढ़ पीड़ितों को बड़ी राहत, CM सम्राट चौधरी ने 8.27 लाख परिवारों के खाते में भेजे 7-7 हजार रुपये
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंगलवार को पटना स्थित मुख्यमंत्री सचिवालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान 8 लाख 27 हजार 472 बाढ़ प्रभावित परिवारों के बैंक खातों में 7-7 हजार रुपये की सहायता राशि ट्रांसफर की।

पटना। बिहार में बाढ़ प्रभावित परिवारों के लिए राज्य सरकार ने राहत राशि जारी कर दी है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंगलवार को पटना स्थित मुख्यमंत्री सचिवालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान 8 लाख 27 हजार 472 बाढ़ प्रभावित परिवारों के बैंक खातों में 7-7 हजार रुपये की सहायता राशि ट्रांसफर की। इस दौरान कुल 579.23 करोड़ रुपये की राशि जारी की गई।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राहत राशि से कोई भी पात्र परिवार वंचित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि अगर किसी परिवार का नाम सूची में शामिल नहीं हो पाया है, तो एक सप्ताह के भीतर ऐसे परिवारों की पहचान कर सूची तैयार की जाए, ताकि उन्हें भी सहायता राशि दी जा सके।
15 जिलों के 49 लाख से ज्यादा लोग बाढ़ से प्रभावित
इस साल गंगा, गंडक, कोसी और पुनपुन जैसी प्रमुख नदियों में आई बाढ़ से बिहार के कई जिले प्रभावित हुए हैं। सरकारी आंकड़ों के अनुसार, राज्य के 15 जिलों के 88 प्रखंडों की 575 ग्राम पंचायतों में करीब 49.36 लाख आबादी बाढ़ की चपेट में आई है।
बाढ़ प्रभावित जिलों में पटना, भोजपुर, सारण, वैशाली, भागलपुर, बेगूसराय, बक्सर, समस्तीपुर, मुंगेर, कटिहार, लखीसराय, खगड़िया, पूर्णिया, मधेपुरा और अरवल शामिल हैं।
डीएम को नुकसान की रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सभी जिलाधिकारियों को बाढ़ से हुए नुकसान का आकलन कर रिपोर्ट तैयार करने को कहा है। उन्होंने निर्देश दिए कि यह रिपोर्ट केंद्र सरकार की टीम को सौंपी जाएगी, जो बिहार में बाढ़ की स्थिति और नुकसान का जायजा लेने पहुंच रही है। राज्य सरकार के अनुसार, इस बार बाढ़ प्रभावित परिवारों को पहली बार सीधे नकद सहायता के रूप में 7 हजार रुपये दिए जा रहे हैं।
कई नदियां अब भी खतरे के निशान से ऊपर
केंद्रीय जल आयोग के मुताबिक, कुछ इलाकों में गंगा का जलस्तर कम हो रहा है, लेकिन कई स्थानों पर नदियां अभी भी खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं।
भागलपुर के सुल्तानगंज में गंगा का जलस्तर घट रहा है, जबकि खगड़िया में बूढ़ी गंडक, पटना के दीघा घाट और गांधी घाट, हाथीदह, भागलपुर, कहलगांव और मुंगेर में गंगा, श्रीपालपुर में पुनपुन, बेनीबाद में बागमती और दरौली में घाघरा नदी खतरे के निशान से ऊपर बनी हुई है।
केंद्रीय टीम करेगी बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा
बिहार में बाढ़ से हुए नुकसान का आकलन करने के लिए केंद्र सरकार की टीम भी राज्य का दौरा करेगी। इस टीम का नेतृत्व केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान करेंगे। टीम प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण कर नुकसान की रिपोर्ट तैयार करेगी।
वहीं, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने भी बिहार में बाढ़ से हुई तबाही और जनहानि पर दुख जताया है। उन्होंने सरकार से राहत और बचाव कार्यों में तेजी लाने की अपील की है।


