Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ब्रेकिंग न्यूज़

Bihar Crime : पैसों के लालच में बेटे ने मां को मार डाला, गन्ने के खेत में फेंका शव, फिर रची लूट की झूठी कहानी

मोतिहारी में बैंक से पैसे निकालकर लौट रही मां की बेटे ने चाकू से हत्या की, शव खेत में फेंककर पुलिस को गुमराह करने के लिए लूट की मनगढ़ंत कहानी सुनाई.

Bihar Crime : पैसों के लालच में बेटे ने मां को मार डाला, गन्ने के खेत में फेंका शव, फिर रची लूट की झूठी कहानी
X

Bihar Crime : मोतिहारी। बिहार के मोतिहारी में पुलिस ने महिला की हत्या और लूट की वारदात का महज 24 घंटे में खुलासा कर दिया। जांच में सामने आया कि महिला की हत्या किसी बाहरी अपराधी ने नहीं, बल्कि उसके सगे बेटे ने पैसों के लालच में की थी। पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर हत्या में इस्तेमाल चाकू और अन्य सामान बरामद किया है।

मामला हरसिद्धि थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, बनकटवा गांव निवासी नगमा खातून अपने बेटे आलम हुसैन के साथ अरेराज स्थित बैंक से पैसे निकालकर घर लौट रही थीं। रास्ते में बेटे ने ग्रामीणों को बताया कि कुछ बदमाशों ने उन पर हमला किया और उसकी मां को साथ ले जाने के साथ रुपये भी लूट लिए।

हालांकि, पुलिस को बाद में यह कहानी झूठी मिली। अगले दिन गन्ने के खेत में महिला का खून से सना शव मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। महिला के शरीर पर धारदार हथियार से वार के निशान मिले थे।

एसपी स्वर्ण प्रभात के निर्देश पर अरेराज डीएसपी नवीन कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। जांच के दौरान पुलिस को बेटे की गतिविधियों पर संदेह हुआ। हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर आलम हुसैन ने अपना अपराध कबूल कर लिया।

पुलिस के अनुसार, आरोपी ने मां के पास मौजूद रुपये हड़पने के लिए पहले से चाकू खरीदा था। सुनसान जगह पर उसने मां पर चाकू से हमला कर हत्या कर दी और शव गन्ने के खेत में फेंक दिया। इसके बाद खुद को बचाने के लिए लूट और अपहरण की झूठी कहानी गढ़ दी।

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल चाकू, खून से सना कपड़ा और लूटी गई रकम बरामद कर ली है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019