Bihar Crime : घर के बाहर सो रहे ग्रामीण चिकित्सक की गोली मारकर हत्या, 4 राउंड फायरिंग से मचा हड़कंप
समस्तीपुर के कसरैरा गांव में रात के सन्नाटे में वारदात, दरवाजे पर सो रहे ग्रामीण चिकित्सक पर चार गोलियां दागीं; FSL टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए, CCTV खंगाल रही पुलिस

Bihar Crime : समस्तीपुर। बिहार के समस्तीपुर जिले में घर के बाहर सो रहे ग्रामीण चिकित्सक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हसनपुर थाना क्षेत्र के कसरैरा गांव में हुई इस वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सुबह घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
रात में घर के दरवाजे पर सो रहे थे चिकित्सक
जानकारी के मुताबिक, ग्रामीण चिकित्सक रोजाना की तरह अपने घर के मुख्य दरवाजे के पास सो रहे थे। रात के सन्नाटे में अज्ञात हमलावर वहां पहुंचे और उन पर चार गोलियां दाग दीं। गोली लगने से चिकित्सक की मौके पर ही मौत हो गई।सुबह परिजनों की नींद खुलने पर चिकित्सक खून से लथपथ हालत में मिले। घटना की जानकारी फैलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई।
गोली चलने की आवाज तक नहीं सुन पाए परिजन
वारदात में सबसे अहम सवाल यह भी है कि चार राउंड गोली चलने के बावजूद घर के अंदर मौजूद परिजनों और आसपास सो रहे लोगों को आवाज क्यों नहीं सुनाई दी। क्या हमलावरों ने किसी तरह की आवाज दबाने वाली तकनीक का इस्तेमाल किया या फिर परिजन गहरी नींद में थे, पुलिस इन सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
FSL टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटना की सूचना मिलते ही हसनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए FSL टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया, जिसने मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस आसपास के इलाकों में लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। फिलहाल हत्या के पीछे की वजह सामने नहीं आई है। पुलिस आपसी रंजिश, कारोबारी विवाद समेत अलग-अलग पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।


