Anganwadi Recruitment
Anganwadi Recruitment: लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मैनपुरी और देवरिया जिलों में आंगनबाड़ी कार्यकत्री और सहायिका के कुल 552 पदों पर भर्ती निकली है। इच्छुक महिला अभ्यर्थी ऑनलाइन आवेदन कर सकती हैं। आवेदन प्रक्रिया 10 जुलाई 2026 से शुरू हो चुकी है।आवेदन की अंतिम तिथि 30 जुलाई 2026 और देवरिया में 31 जुलाई 2026 तय की गई है।
कितने पदों पर होगी भर्ती?
मैनपुरी में 74 आंगनबाड़ी कार्यकत्री और 70 सहायिका यानी कुल 144 पद भरे जाएंगे। वहीं, देवरिया में 146 कार्यकत्री और 262 सहायिका सहित कुल 408 पदों पर भर्ती होगी। दोनों जिलों की विभिन्न बाल विकास परियोजनाओं में नियुक्तियां की जाएंगी।
कौन कर सकता है आवेदन?
इस भर्ती के लिए केवल महिला उम्मीदवार आवेदन कर सकती हैं। उम्मीदवार उसी ग्राम सभा या शहरी वार्ड की स्थायी निवासी होनी चाहिए, जहां पद खाली है। शैक्षणिक योग्यता 12वीं पास और आयु 18 से 35 वर्ष निर्धारित की गई है। आयु की गणना 1 जुलाई 2026 के आधार पर होगी।
इन महिलाओं को मिलेगी प्राथमिकता
भर्ती में पहले बीपीएल श्रेणी की विधवा, तलाकशुदा या परित्यक्ता महिलाओं को प्राथमिकता दी जाएगी। यदि बीपीएल में पात्र उम्मीदवार नहीं मिलती हैं, तो यही नियम एपीएल श्रेणी पर लागू होगा।
जरूरी दस्तावेज
आवेदन के लिए आय, जाति और निवास प्रमाणपत्र, शैक्षणिक प्रमाणपत्र, तथा जरूरत के अनुसार विधवा या तलाकशुदा होने से जुड़े दस्तावेज जमा करने होंगे। सभी दस्तावेज ऑनलाइन सत्यापन योग्य और डिजिटल हस्ताक्षरयुक्त होने चाहिए।

