UP News : दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान बड़ा हादसा, नदी में डूबने से 2 जगह 4 की मौत, लापता युवकों की तलाश जारी
गोंडा में लक्ष्मणपुर और भैसहवा घाट पर हुए हादसे, SDRF और गोताखोरों का सर्च ऑपरेशन जारी, CM योगी ने जताया शोक
UP News : गोंडा। उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान दो अलग-अलग घाटों पर हुए हादसों ने खुशियों के माहौल को मातम में बदल दिया। मंगलवार, 20 अक्टूबर की देर शाम हुए इन हादसों में नदी में डूबने से चार लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया। वहीं, कुछ युवकों के लापता होने के बाद उनकी तलाश के लिए बचाव अभियान चलाया जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटनाओं पर शोक जताते हुए अधिकारियों को राहत और बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं।
लक्ष्मणपुर घाट पर विसर्जन के दौरान डूबे तीन युवक
पहली घटना तरबगंज थाना क्षेत्र के लक्ष्मणपुर घाट पर सम्मय माता मंदिर के पास हुई। यहां दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान छह लोग नदी में डूबने लगे। मौके पर मौजूद लोगों की मदद से रघुवर प्रजापति, प्रदीप कुमार और चंद्र प्रकाश को सुरक्षित बचा लिया गया। हालांकि, सुमित प्रजापति (18), अभिषेक तिवारी (15) और रामविलास प्रजापति (17) नदी में डूब गए। तलाशी अभियान के दौरान सुमित का शव बरामद कर लिया गया, जबकि अभिषेक और रामविलास की तलाश जारी है।
युवकों को बचाने नदी में उतरे व्यक्ति की मौत
दूसरी घटना धानेपुर थाना क्षेत्र के भैसहवा घाट पर हुई। यहां कुआनो नदी में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान चार युवक डूबने लगे। युवकों को संकट में देखकर 50 वर्षीय तुलाराम शुक्ला उन्हें बचाने के लिए नदी में उतर गए। स्थानीय लोगों की मदद से तीन युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, लेकिन नदी के तेज बहाव और गहराई के कारण तुलाराम शुक्ला डूब गए। बाद में उनकी मौत की पुष्टि हुई।
SDRF और गोताखोरों ने संभाला मोर्चा
दोनों घटनाओं की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। लापता लोगों की तलाश के लिए एसडीआरएफ, फ्लड पीएसी और स्थानीय गोताखोरों की मदद ली गई। बचाव दल नदी में तलाशी अभियान चला रहे हैं। पुलिस अधीक्षक अभिषेक झा के अनुसार, लक्ष्मणपुर घाट पर एक युवक का शव बरामद हुआ है, जबकि दो अन्य युवकों की तलाश जारी है। उन्होंने प्रतिमा स्थापना और विसर्जन की अनुमति से संबंधित पहलुओं की जांच कराने की भी बात कही।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जताया दुख
हादसों में हुई मौतों पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शोक व्यक्त किया है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए। लगातार हुए इन हादसों के बाद इलाके में शोक का माहौल है और लापता युवकों के सुरक्षित मिलने की उम्मीद में परिजन इंतजार कर रहे हैं।