UP News : आंगनबाड़ी केंद्रों के बच्चों को भी मिलेगी यूनिफॉर्म, CM योगी ने 9वें राष्ट्रीय पोषण माह का किया शुभारंभ
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रत्येक बच्चे को यूनिफॉर्म के दो सेट दिए जाएंगे, जिससे बच्चों में समानता की भावना बढ़ेगी और उन्हें बेहतर शैक्षणिक माहौल मिलेगा।
वाराणसी। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आंगनबाड़ी केंद्रों को लेकर बड़ा ऐलान किया है। अब परिषदीय स्कूलों की तर्ज पर आंगनबाड़ी केंद्रों में पढ़ने वाले बच्चों को भी यूनिफॉर्म उपलब्ध कराई जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रत्येक बच्चे को यूनिफॉर्म के दो सेट दिए जाएंगे, जिससे बच्चों में समानता की भावना बढ़ेगी और उन्हें बेहतर शैक्षणिक माहौल मिलेगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को वाराणसी के सिगरा स्थित रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में आयोजित राष्ट्रीय पोषण माह के शुभारंभ कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने केंद्रीय म हिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी, केंद्रीय राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर और उत्तर प्रदेश की महिला एवं बाल विकास मंत्री बेबी रानी मौर्य के साथ मिलकर नौवें राष्ट्रीय पोषण माह का शुभारंभ किया।
आंगनबाड़ी केंद्र अब बन रहे पोषण और शिक्षा के केंद्र
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि वर्ष 2014 से पहले आंगनबाड़ी केंद्रों की स्थिति बेहद खराब थी, लेकिन सरकार ने लगातार सुधार की दिशा में काम किया है। आज प्रदेश के हजारों आंगनबाड़ी केंद्रों को नया स्वरूप दिया गया है और ये केंद्र अब केवल पोषण वितरण के स्थान नहीं, बल्कि बच्चों की प्रारंभिक शिक्षा और विकास के केंद्र बन रहे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के करीब 70 हजार आंगनबाड़ी केंद्रों में व्यवस्थाओं को बेहतर बनाया गया है। बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा और देखभाल को ध्यान में रखते हुए कई नई पहल की जा रही हैं।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का बढ़ाया गया मानदेय
सीएम योगी ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को मिलने वाला मानदेय केवल 3 हजार रुपये था। सरकार ने इसमें बड़ा बदलाव करते हुए इसे बढ़ाकर 12 हजार रुपये किया है। इसके साथ ही आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को 5 लाख रुपये तक का स्वास्थ्य बीमा कवर भी उपलब्ध कराया गया है।
उन्होंने कहा कि सरकार आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के सम्मान और सुविधाओं को बढ़ाने के लिए लगातार कदम उठा रही है, क्योंकि बच्चों के पोषण और शुरुआती विकास में उनकी भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है।
राष्ट्रीय पोषण माह बनेगा जन आंदोलन
कार्यक्रम में केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि देशभर में दो लाख आंगनबाड़ी केंद्रों को सक्षम केंद्रों के रूप में विकसित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि काशी से सुपोषित भारत के संकल्प को नई ऊर्जा मिलेगी।
केंद्रीय राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर ने कहा कि राष्ट्रीय पोषण माह के माध्यम से लोगों में जागरूकता बढ़ाने का काम किया जा रहा है। पिछले आठ वर्षों में पोषण से जुड़े 150 करोड़ से अधिक जन जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं।
जन भागीदारी से मजबूत होगा पोषण अभियान
उत्तर प्रदेश की महिला एवं बाल विकास मंत्री बेबी रानी मौर्य ने कहा कि बच्चों को स्वस्थ और पोषित बनाने के लिए जन भागीदारी जरूरी है। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी केवल पोषण तक सीमित नहीं है, बल्कि वे बच्चों के संपूर्ण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कार्यक्रम परिसर में लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण किया। उन्होंने देश के अलग-अलग राज्यों और जिलों से आईं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से संवाद कर बच्चों के पोषण, शिक्षा और विकास से जुड़े अनुभव भी साझा किए।
सरकार का लक्ष्य- हर बच्चे को मिले बेहतर पोषण और शिक्षा
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार का उद्देश्य हर बच्चे को बेहतर स्वास्थ्य, पोषण और शिक्षा का वातावरण उपलब्ध कराना है। आंगनबाड़ी केंद्रों को आधुनिक सुविधाओं से जोड़कर बच्चों के भविष्य को मजबूत करने की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है।