UP Crime : बलिया। उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में मां-बेटी की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। रसड़ा कोतवाली क्षेत्र के सराय भारती उर्फ मुस्तफाबाद गांव में 65 वर्षीय महिला का शव घर के अंदर मिला, जबकि उनकी 22 वर्षीय दिव्यांग बेटी की लाश घर से करीब 30 मीटर दूर धान के खेत में पड़ी मिली। दोनों की हत्या किए जाने की आशंका है।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच के लिए कई टीमें गठित की हैं।

घर में मिले खून के निशान

पुलिस के मुताबिक दोनों मृतकों के शरीर पर भारी वस्तु या धारदार हथियार से वार किए जाने के निशान मिले हैं। घर के अंदर भी खून के निशान पाए गए हैं। पुलिस को आशंका है कि वारदात के बाद साक्ष्य मिटाने की कोशिश की गई हो सकती है।

खेत में मिली बेटी की लाश

पुलिस अधीक्षक ओमबीर सिंह के अनुसार गौरी का शव घर के पीछे करीब 30 मीटर दूर धान के खेत में मिला। शुरुआती जांच में सामने आया है कि घर में तीन लोग रहते थे। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि वारदात के समय घर में कौन-कौन मौजूद था और हत्या के पीछे क्या वजह हो सकती है।

फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश जारी है। 

Tags: