UP Crime : अमरोहा। उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले में पति-पत्नी के बीच चल रहा विवाद शनिवार शाम खूनी वारदात में बदल गया। डाईडेरा गांव में एक निजी स्कूल के शिक्षक पर अपनी पत्नी की फावड़े से वार कर हत्या करने का आरोप है। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर वारदात में इस्तेमाल फावड़ा बरामद कर लिया है।

जानकारी के मुताबिक, रामौतार सिंह और उसकी पत्नी रूबी (45) के बीच पिछले कई दिनों से विवाद चल रहा था। दोनों के बीच अक्सर कहासुनी होती थी। बताया गया कि दो दिन पहले भी रामौतार ने पत्नी के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके बाद वह घर से चला गया था।

शाम को फिर हुआ विवाद

शनिवार सुबह परिजन रामौतार को तलाशकर वापस घर लेकर आए थे। शाम करीब सात बजे पति-पत्नी के बीच फिर विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि कहासुनी बढ़ने पर रामौतार ने आपा खो दिया और फावड़े से रूबी की गर्दन पर वार कर दिया। बचाव के दौरान उसके हाथ में भी चोट आई।

गंभीर रूप से घायल रूबी की कुछ देर बाद मौत हो गई। घटना की खबर मिलते ही ग्रामीण और मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंच गए और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी रामौतार को हिरासत में ले लिया। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। फोरेंसिक और फिंगरप्रिंट टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल फावड़ा बरामद कर लिया है।

मां की मौत, पिता गिरफ्तार... बेटे पर टूटा दुखों का पहाड़

रामौतार और रूबी की शादी वर्ष 1999 में हुई थी। उनका एक बेटा ललित कुमार है। मां की मौत और पिता की गिरफ्तारी के बाद परिवार का इकलौता बेटा बेहद मुश्किल स्थिति में है। घटना से परिवार के साथ-साथ पूरे गांव में भी शोक का माहौल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और हत्या के पीछे विवाद की पूरी वजह समेत अन्य पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।

Tags: