UP News : CM योगी की PRD जवानों को डबल सौगात, ड्यूटी भत्ता 600 रुपये और परिवार समेत 5 लाख तक कैशलेस इलाज

मुख्यमंत्री ने सम्मेलन में ‘मुख्यमंत्री PRD कैशलेस चिकित्सा योजना’ का शुभारंभ किया। इसके तहत प्रदेश के 31 हजार से अधिक PRD स्वयंसेवकों और उनके परिवारों को हर साल ₹5 लाख तक का कैशलेस उपचार उपलब्ध कराया जाएगा।

Update: 2026-08-18 09:31 GMT

गोरखपुर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रांतीय रक्षक दल (PRD) के जवानों के लिए दो बड़े ऐलान किए हैं। गोरखपुर में आयोजित PRD जवानों के सम्मेलन में मुख्यमंत्री ने दैनिक ड्यूटी भत्ता ₹500 से बढ़ाकर ₹600 करने की घोषणा की। इसके साथ ही जवानों और उनके परिवार के सदस्यों के लिए हर साल ₹5 लाख तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा शुरू की गई है। मुख्यमंत्री ने इस मौके पर कैशलेस चिकित्सा कार्ड भी वितरित किए।

PRD जवानों का ड्यूटी भत्ता अब ₹600

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बताया कि 1948 में गठित PRD के स्वयंसेवकों को लंबे समय तक ₹250 प्रतिदिन का ड्यूटी भत्ता मिलता था। वर्ष 2019 में इसे बढ़ाकर ₹375 और 2022 में ₹395 किया गया। इसके बाद 2025 में भत्ता बढ़ाकर ₹500 प्रतिदिन किया गया था।

अब एक बार फिर इसमें बढ़ोतरी करते हुए ₹500 से ₹600 प्रतिदिन करने का फैसला लिया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आठ वर्षों में PRD जवानों का दैनिक भत्ता ₹250 से बढ़कर ₹600 हो जाएगा, यानी इसमें 100 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि हुई है।

हर साल ₹5 लाख तक मुफ्त कैशलेस इलाज

मुख्यमंत्री ने सम्मेलन में ‘मुख्यमंत्री PRD कैशलेस चिकित्सा योजना’ का शुभारंभ किया। इसके तहत प्रदेश के 31 हजार से अधिक PRD स्वयंसेवकों और उनके परिवारों को हर साल ₹5 लाख तक का कैशलेस उपचार उपलब्ध कराया जाएगा।

यह सुविधा सरकारी और सरकार से इम्पैनल्ड अस्पतालों में ली जा सकेगी। सरकार के अनुमान के मुताबिक, जवानों के परिवारों को शामिल करने पर इस योजना का लाभ 1.55 लाख से अधिक लोगों तक पहुंच सकता है।

दस स्वयंसेवकों को बांटे गए चिकित्सा कार्ड

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रतीकात्मक रूप से 10 PRD स्वयंसेवकों को कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरित किए। इनमें गोरखपुर के अजय, भीमसेन, धीरेंद्र और उमेश कुमार, लखनऊ की स्नेहलता रावत और अनामिका वर्मा, कुशीनगर की चंदा भारती, मऊ के जय सिंह, चंदौली के मोहम्मद शाकिर और वाराणसी के किशन गुप्ता शामिल रहे।

लखनऊ में बनेगा 23 करोड़ का बहुमंजिला PRD बैरक

मुख्यमंत्री ने रिमोट के जरिए लखनऊ में करीब ₹23 करोड़ की लागत से बनने वाले बहुमंजिला PRD बैरक का शिलान्यास भी किया। इससे जवानों के लिए बेहतर आवासीय और ड्यूटी संबंधी सुविधाएं विकसित होने की उम्मीद है।

कानून-व्यवस्था और आपदा प्रबंधन में अहम भूमिका

मुख्यमंत्री ने PRD स्वयंसेवकों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि वे पुलिस और प्रशासन के साथ मिलकर कानून-व्यवस्था बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। आपदा प्रबंधन, महाकुंभ, दीपोत्सव, रंगोत्सव, ट्रैफिक व्यवस्था, चुनाव ड्यूटी और अन्य बड़े आयोजनों में PRD जवानों ने अनुशासन और समर्पण के साथ जिम्मेदारी निभाई है।

उन्होंने कहा कि पहले PRD जवानों को पर्याप्त ड्यूटी नहीं मिलती थी, लेकिन अब प्रशासनिक और सुरक्षा जरूरतों के बढ़ने के कारण कई जगहों पर ड्यूटी के लिए जवान कम पड़ रहे हैं। सरकार का प्रयास है कि PRD स्वयंसेवकों को बेहतर सुविधाओं और सम्मान के साथ उनकी जिम्मेदारियों के अनुरूप अवसर दिए जाएं।

Tags:    

Similar News