UP Board Exam 2026 : यूपी बोर्ड का बड़ा बदलाव, अब विज्ञान और गृह विज्ञान में होगी 30 अंक की प्रायोगिक परीक्षा
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद ने हाईस्कूल परीक्षा की प्रायोगिक परीक्षा और मूल्यांकन व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया है। नई व्यवस्था के तहत अब विज्ञान और गृह विज्ञान विषयों में 30 अंकों की प्रायोगिक परीक्षा आयोजित की जाएगी।
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद ने हाईस्कूल परीक्षा की प्रायोगिक परीक्षा और मूल्यांकन व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया है। नई व्यवस्था के तहत अब विज्ञान और गृह विज्ञान विषयों में 30 अंकों की प्रायोगिक परीक्षा आयोजित की जाएगी। वहीं, अन्य विषयों में प्रायोगिक कार्य का मूल्यांकन प्रोजेक्ट कार्य के आधार पर किया जाएगा।
यूपी बोर्ड की ओर से इस बदलाव की जानकारी प्रदेश के सभी मंडलीय अधिकारियों और जिला विद्यालय निरीक्षकों को जारी कर दी गई है। नई व्यवस्था का उद्देश्य विद्यार्थियों के प्रायोगिक ज्ञान और कौशल का बेहतर मूल्यांकन करना है।
विज्ञान और गृह विज्ञान में होगी बोर्ड स्तर की प्रैक्टिकल परीक्षा
अब तक हाईस्कूल स्तर पर विज्ञान और गृह विज्ञान विषयों में आंतरिक मूल्यांकन की व्यवस्था थी, लेकिन अब इसे बदल दिया गया है। नई व्यवस्था के अनुसार दोनों विषयों में विद्यार्थियों को 30 अंकों की प्रयोगात्मक परीक्षा देनी होगी।
प्रैक्टिकल परीक्षा में प्राप्त अंक छात्रों के अंकपत्र और प्रमाण पत्र में भी दर्ज किए जाएंगे। इससे विद्यार्थियों के सैद्धांतिक ज्ञान के साथ-साथ प्रयोगात्मक क्षमता का भी मूल्यांकन किया जा सकेगा।
अन्य विषयों में प्रोजेक्ट के आधार पर होगा मूल्यांकन
माध्यमिक शिक्षा परिषद ने स्पष्ट किया है कि विज्ञान और गृह विज्ञान को छोड़कर अन्य विषयों में प्रायोगिक कार्य का मूल्यांकन पहले की तरह जारी रहेगा। इन विषयों में छात्रों को प्रोजेक्ट कार्य के आधार पर 5 अंकों का आंतरिक मूल्यांकन दिया जाएगा। इन अंकों और ग्रेड को भी छात्र के प्रमाण पत्र एवं अंकपत्र में प्रदर्शित किया जाएगा।
छात्रों के प्रायोगिक ज्ञान पर रहेगा फोकस
यूपी बोर्ड का मानना है कि विज्ञान और गृह विज्ञान जैसे विषयों में केवल लिखित परीक्षा से छात्रों की पूरी क्षमता का आकलन नहीं हो पाता। इसलिए प्रायोगिक परीक्षा के जरिए विद्यार्थियों के प्रयोगात्मक ज्ञान, समझ और कौशल को भी परखा जाएगा। परिषद की ओर से जारी निर्देशों के अनुसार नई व्यवस्था को आगामी हाईस्कूल परीक्षाओं से लागू किया जाएगा।
अधिकारियों को भेजे गए निर्देश
माध्यमिक शिक्षा परिषद प्रयागराज के सचिव भगवती सिंह की ओर से संशोधित मूल्यांकन व्यवस्था को लेकर निर्देश जारी किए गए हैं। सभी क्षेत्रीय कार्यालयों, मंडलीय अधिकारियों और संबंधित विभागीय अधिकारियों को नई व्यवस्था की जानकारी दे दी गई है।
मेरठ क्षेत्रीय कार्यालय के अधिकारियों के अनुसार अब विज्ञान और गृह विज्ञान के प्रैक्टिकल अंक अलग से दर्ज किए जाएंगे, जबकि अन्य विषयों में 5 प्वाइंट स्केल के आधार पर आंतरिक मूल्यांकन जारी रहेगा।
लाखों छात्रों पर पड़ेगा असर
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद के अंतर्गत प्रदेशभर के लाखों छात्र हाईस्कूल परीक्षा में शामिल होते हैं। ऐसे में प्रैक्टिकल परीक्षा के नियमों में यह बदलाव छात्रों के परीक्षा पैटर्न और तैयारी के तरीके को प्रभावित करेगा। बोर्ड ने छात्रों को नई व्यवस्था के अनुसार तैयारी करने की सलाह दी है।