लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को मुख्यमंत्री भवन में पुलिस के कुशल खिलाड़ी कोटे से चयनित 470 खिलाड़ियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। इनमें नागरिक पुलिस के 43 उपनिरीक्षक, 295 आरक्षी और PAC के 132 आरक्षी शामिल हैं। नियुक्ति पत्र वितरण के बाद मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि यह नौकरी सरकार की कृपा नहीं, बल्कि खिलाड़ियों की मेहनत, पसीने और प्रतिभा का परिणाम है।

नौकरी के मुद्दे पर सपा को घेरा

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नौकरियों के मुद्दे पर समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने सपा के PDA नारे पर तंज कसते हुए कहा कि पहले प्रदेश में ‘प्रदेश डुबाओ अलायंस’ था, जबकि अब NDA यानी ‘नौकरी देंगे अलायंस’ की सरकार है। उन्होंने दावा किया कि पहले नियुक्तियों पर एक परिवार का कब्जा माना जाता था और नौकरी पाने के लिए सैफई या सिफारिश ही रास्ता था।

बोले- अब प्रतिभा और परिश्रम से मिलती है नौकरी

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अब सरकारी नौकरी के लिए किसी की सिफारिश की जरूरत नहीं है। चयन प्रक्रिया में प्रतिभा और परिश्रम को प्राथमिकता मिलती है। मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों से भी पूछा कि क्या भर्ती के दौरान किसी ने उनसे पैसे मांगे या किसी तरह की सिफारिश कराने को कहा गया। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की नियुक्ति उनके प्रदर्शन और मेहनत के आधार पर हुई है।

यूपी की बदली पहचान का किया दावा

मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले उत्तर प्रदेश की पहचान हत्या और अपराध की घटनाओं से होती थी, लेकिन अब प्रदेश की पहचान खिलाड़ियों के मेडल और उपलब्धियों से हो रही है। उन्होंने कहा कि सरकार ने युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाए हैं और खेल प्रतिभाओं को भी आगे बढ़ने का मंच दिया जा रहा है।

सपा सरकार पर 10 लाख गुंडों को संरक्षण देने का आरोप

योगी आदित्यनाथ ने आरोप लगाया कि 2017 से पहले समाजवादी पार्टी की सरकार में करीब 10 लाख गुंडों को संरक्षण मिला हुआ था। उनके मुताबिक ये लोग महिलाओं की सुरक्षा के लिए खतरा थे, दंगों में शामिल होते थे और गरीबों की जमीनों पर कब्जे करते थे। मुख्यमंत्री ने अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि उनकी सरकार ने 10 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी है।

खिलाड़ियों से कहा- नियुक्ति मंजिल नहीं, नई शुरुआत

मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि सरकारी नौकरी मिलना अंतिम मंजिल नहीं, बल्कि नए जीवन की शुरुआत है। उन्होंने नियमित अभ्यास और बेहतर प्रदर्शन जारी रखने की सलाह दी। योगी ने कहा कि खिलाड़ियों के लिए पदोन्नति के अवसर उपलब्ध होंगे और किसी भी स्तर पर प्रमोशन को रोका नहीं जा सकता।

रिकॉर्ड बनाने और देश-प्रदेश का नाम रोशन करने की अपील

मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों से खेल मैदान पर पूरी क्षमता के साथ प्रदर्शन करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सम्मान केवल मंच पर प्रशंसा से नहीं मिलता, बल्कि इसके लिए लगातार मेहनत और पसीना बहाना पड़ता है। उन्होंने खिलाड़ियों से नए रिकॉर्ड बनाने और उत्तर प्रदेश के साथ देश का नाम रोशन करने की अपील की।

Tags: