Azamgarh Accident : गणेश पंडाल से लौट रहे किशोरों की कार पेड़ से टकराई, 3 की मौत; 6 घायल
उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में मंगलवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन किशोरों की मौत हो गई, जबकि छह अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
आजमगढ़। उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में मंगलवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन किशोरों की मौत हो गई, जबकि छह अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा फूलपुर थाना क्षेत्र में हुआ, जहां तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई।
पुलिस के मुताबिक, हादसे के समय कार में कुल 9 किशोर सवार थे, जिनकी उम्र करीब 16 से 17 वर्ष बताई जा रही है। मृतकों की पहचान सत्यम मोदनवाल, निखिल मद्धेशिया और लकी सोनकर के रूप में हुई है। वहीं, घायल छह किशोरों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
गणेश पंडाल सजाने के बाद चाय पीने निकले थे किशोर
जानकारी के अनुसार, सभी किशोर गणेश उत्सव की तैयारियों में लगे हुए थे। देर रात तक उन्होंने गणेश पंडाल की सजावट का काम किया। इसके बाद सभी दोस्त चाय पीने के लिए कार से सरायमीर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान फूलपुर थाना क्षेत्र में अचानक कार अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे लगे पेड़ से जा टकराई।
जोरदार टक्कर से कार के उड़े परखच्चे
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर इतनी तेज थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद कुछ किशोर वाहन के अंदर ही फंस गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस और स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद सभी घायलों को कार से बाहर निकाला और इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया।
तीन परिवारों में पसरा मातम
हादसे में तीन किशोरों की मौत की खबर मिलते ही उनके परिवारों में कोहराम मच गया। जो किशोर कुछ घंटे पहले तक गणेश पंडाल की तैयारियों में उत्साह के साथ जुटे थे, उनके घरों में सुबह मातम छा गया। कम उम्र में तीन दोस्तों की मौत से पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
हादसे की वजह की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती तौर पर कार के अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराने की बात सामने आई है, लेकिन हादसे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है।