Akhilesh Yadav: अखिलेश यादव का बड़ा एलान, बोले- भाजपा राज में बंद स्कूल सपा सरकार में फिर खुलेंगे
उन्होंने कहा कि सपा सरकार आने पर भ्रष्टाचार का हिसाब जनता के सामने रखा जाएगा।
Akhilesh Yadav: लखनऊ। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रविवार को सपा मुख्यालय में मीडिया को संबोधित करते हुए भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा राज में बंद किए गए स्कूलों को सपा सरकार बनने पर फिर से खोला जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकारी स्कूलों में पीडीए समाज के लोग पढ़ते हैं और सपा सरकार आने पर पीडीए समाज को उनकी आबादी के अनुसार हक दिया जाएगा।
एक लाख नौकरियों के दावे पर सवाल
अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के एक लाख नौकरियां देने के बयान पर सवाल उठाया। उन्होंने कहा, "मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बचे हुए महीनों में एक लाख नौकरियां देने की बात कर रहे हैं। अब समय ही कितना बचा है।" उन्होंने कहा कि सपा सरकार आने पर पीडब्ल्यूडी विभाग का ऑडिट कराया जाएगा और भ्रष्टाचार का हिसाब जनता के सामने रखा जाएगा। उन्होंने सड़कों की खराब स्थिति और सिंचाई विभाग में घोटाले का भी आरोप लगाया।
मंदिर के धन को लेकर भाजपा पर हमला
अखिलेश ने कहा, "मंदिर के बाहर भीख मांगने वाला भिखारी भी मंदिर में चोरी नहीं करता है लेकिन इन लोगों ने मंदिर में दान का धन भी चुरा लिया है। ये लोग धर्मद्रोही और अधर्मी लोग हैं। जनता अब इंतजार कर रही है। अब लोग इनको बर्दाश्त करने वाले नहीं हैं।"
दूसरे प्रदेशों के अपराधियों पर भी साधा निशाना
उन्होंने कहा, "यूपी में कानून व्यवस्था का हाल तो ये है कि दूसरे प्रदेशों के अपराधी यहां वारदात करने आते हैं और बुलडोजर वाली सरकार कुछ नहीं करती है। लगता है कि दोनों की साझेदारी है।" अखिलेश ने भाजपा पर भ्रष्टाचार, मिलावटी पेट्रोल बेचने और त्योहारों के समय चीनी महंगी करने का भी आरोप लगाया।