SCHOOL STUDENT DEATH JAIPUR: स्कूल कैंटीन में पेटीज खाने के बाद 12वीं के छात्र की मौत, फुटेज की होगी जांच
SCHOOL STUDENT DEATH JAIPUR: जयपुर। राजस्थान के जयपुर में स्कूल कैंटीन से पेटीज खाने के बाद 12वीं कक्षा के एक छात्र की तबीयत बिगड़ने और बेहोश होने के बाद मौत हो गई। घटना झोटवाड़ा स्थित महाराणा प्रताप स्कूल की है।
SCHOOL STUDENT DEATH JAIPUR: जयपुर। राजस्थान के जयपुर में स्कूल कैंटीन से पेटीज खाने के बाद 12वीं कक्षा के एक छात्र की तबीयत बिगड़ने और बेहोश होने के बाद मौत हो गई। घटना झोटवाड़ा स्थित महाराणा प्रताप स्कूल की है।
मृतक छात्र की पहचान बृजमंडल कॉलोनी निवासी 17 वर्षीय प्रिंस सोनी के रूप में हुई है। परिजनों ने स्कूल प्रशासन पर समय पर प्राथमिक उपचार नहीं देने और गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
परिजनों के मुताबिक, करीब 11 बजे लंच टाइम के दौरान प्रिंस ने स्कूल की कैंटीन से पेटीज खरीदी और खाई थी। इसके बाद पेटीज उसके गले में अटक गई और उसकी तबीयत बिगड़ने लगी। प्रत्यक्षदर्शी क्लासमेट के अनुसार, प्रिंस पानी पीने के लिए गया, लेकिन कुछ देर बाद बेहोश होकर गिर गया। उसके मुंह से झाग निकल रहा था और होंठ नीले पड़ गए थे।
SCHOOL STUDENT DEATH JAIPUR: अस्पताल पास होने के बावजूद नहीं कराया इलाज
मृतक के चाचा का आरोप है कि स्कूल स्टाफ ने प्रिंस को प्राथमिक उपचार देने के बजाय परिजनों को फोन कर स्कूल बुलाया। उनका कहना है कि स्कूल से करीब 100 मीटर की दूरी पर अस्पताल होने के बावजूद छात्र को तत्काल अस्पताल नहीं ले जाया गया। स्टाफ लगातार परिजनों से फोर व्हीलर लेकर जल्दी आने के लिए कहता रहा।
परिजन स्कूल पहुंचे और प्रिंस को नजदीकी निजी अस्पताल लेकर गए। उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे मणिपाल अस्पताल रेफर कर दिया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद प्रिंस को मृत घोषित कर दिया।
SCHOOL STUDENT DEATH JAIPUR: क्लासमेट ने बताया- लंच से पहले बिल्कुल ठीक था
प्रिंस के क्लासमेट ने बताया कि लंच से पहले वह बिल्कुल सामान्य था और दोस्तों के साथ बातचीत व हंसी-मजाक कर रहा था। पेटीज खाने के बाद उसके गले में कुछ अटक गया। वह पानी पीने के लिए भागा और इसके बाद बेहोश हो गया। छात्र का आरोप है कि स्कूल स्टाफ ने उसे केवल लिटाकर रखा और छात्रों को उससे मिलने तक नहीं दिया।
SCHOOL STUDENT DEATH JAIPUR:पुलिस ने दर्ज किया मामला, फुटेज की होगी जांच
सूचना मिलने पर झोटवाड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कांवटिया अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया। गुरुवार सुबह पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना के बारे में जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि स्कूल ऑपरेटर अमित कुमावत और एडमिनिस्ट्रेटर राजेंद्र कुमार को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है।
एक पुलिस अधिकारी के अनुसार, परिजनों ने स्कूल में कथित लापरवाही के कारण छात्र की मौत होने की आशंका जताई है। पुलिस स्कूल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और घटनाक्रम से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच करेगी। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
SCHOOL STUDENT DEATH JAIPUR: स्कूल पहुंचकर परिजनों ने किया हंगामा
घटना के बाद मृतक छात्र के परिजन बड़ी संख्या में लोगों के साथ स्कूल पहुंचे। यहां लोगों ने स्कूल प्रशासन और स्टाफ के खिलाफ नारेबाजी करते हुए हंगामा किया। परिजनों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।