Kaylee Hottle Death: Godzilla vs Kong फेम केली हॉटल का 18 साल की उम्र में निधन, कार एक्सीडेंट में गई जान

Update: 2026-07-22 10:20 GMT

Kaylee Hottle Death: हॉलीवुड फिल्म 'Godzilla vs Kong' और 'Godzilla x Kong: The New Empire' में अपनी दमदार अभिनय से पहचान बनाने वाली युवा अभिनेत्री केली हॉटल (Kaylee Hottle) का महज 18 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। शुरुआती जानकारी के अनुसार उनकी मौत एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में हुई। इस खबर के सामने आते ही हॉलीवुड इंडस्ट्री और दुनियाभर के प्रशंसकों में शोक की लहर दौड़ गई। सोशल मीडिया पर फैंस और कलाकार उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए उनके अभिनय और संघर्ष को याद कर रहे हैं।

परिवार ने की निधन की पुष्टि

केली हॉटल के निधन की पुष्टि उनके पिता जोशुआ हॉटल ने सोशल मीडिया के माध्यम से की। उन्होंने अमेरिकन साइन लैंग्वेज (ASL) में एक भावुक वीडियो साझा कर बेटी को श्रद्धांजलि दी। परिवार की ओर से यह दुखद समाचार सामने आने के बाद फैंस लगातार संवेदनाएं व्यक्त कर रहे हैं।

मैरीलैंड में हुआ दर्दनाक सड़क हादसा

स्थानीय अधिकारियों के अनुसार यह हादसा अमेरिका के मैरीलैंड राज्य के फ्रेडरिक काउंटी के इजैम्सविल क्षेत्र में मंगलवार तड़के हुआ। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वाहन तेज रफ्तार में था, जिससे चालक नियंत्रण खो बैठा और कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में केली की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

जन्म से सुन नहीं सकती थीं, फिर भी बनाई अलग पहचान

केली हॉटल जन्म से श्रवण बाधित (Deaf) थीं, लेकिन उन्होंने अपनी प्रतिभा और दृढ़ संकल्प के दम पर हॉलीवुड में खास पहचान बनाई। वर्ष 2021 में रिलीज हुई 'Godzilla vs Kong' में उन्होंने जिया (Jia) का किरदार निभाया, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा। उनकी लोकप्रियता को देखते हुए उन्हें 2024 में रिलीज हुई 'Godzilla x Kong: The New Empire' में भी उसी भूमिका में दोबारा मौका मिला।

कई बड़े सितारों के साथ किया काम

अपने छोटे से करियर में केली हॉटल ने अलेक्जेंडर स्कार्सगार्ड, मिली बॉबी ब्राउन और रेबेका हॉल जैसे हॉलीवुड सितारों के साथ स्क्रीन साझा की। बेहद कम उम्र में उन्होंने अपनी प्रतिभा से दर्शकों का दिल जीता और प्रेरणा का उदाहरण बनीं। उनके असामयिक निधन से हॉलीवुड ने एक उभरती हुई प्रतिभाशाली कलाकार को खो दिया है।

Tags:    

Similar News