सागर। मध्य प्रदेश के सागर जिले में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया। सागर-दमोह मार्ग पर चनाटोरिया के पास यात्री बस और कार की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, वहीं मौके पर ही तीन लोगों की मौत हो गई। जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।

सीएनजी पंप के पास हुआ हादसा

जानकारी के मुताबिक हादसा बहरिया थाना क्षेत्र में सीएनजी पंप के सामने हुआ। बताया जा रहा है कि हरियाणा नंबर की अर्टिगा कार सीएनजी भरवाने के बाद चौराहे की ओर जा रही थी। इसी दौरान दमोह की तरफ से सागर आ रही सूत्र सेवा कंपनी की यात्री बस से कार की आमने-सामने टक्कर हो गई।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार तीन लोगों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। वहीं बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बनी खंती में जाकर पलट गई।

घायलों को अस्पताल भेजा गया, पुलिस जांच में जुटी

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया। घायलों को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। बस में सवार कुछ यात्रियों को भी मामूली चोटें आई हैं।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली और मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

Tags: