MP : राजा भोज सेलिंग चैंपियनशिप का समापन, NSS भोपाल ने जीता खिताब, CM डॉ. मोहन यादव ने हर विधानसभा में स्टेडियम बनाने का किया ऐलान
समापन समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेश में खेल सुविधाओं के विस्तार को लेकर बड़ा ऐलान किया।
भोपाल। राजधानी भोपाल के बोट क्लब स्थित वॉटर स्पोर्ट्स अकादमी में आयोजित राजा भोज मल्टी क्लास नेशनल सेलिंग चैंपियनशिप-2026 के तीसरे संस्करण का रविवार को भव्य समापन हुआ। पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास सारंग शामिल हुए। प्रतियोगिता में नेशनल सेलिंग स्कूल (NSS) भोपाल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान हासिल कर चैंपियनशिप अपने नाम की। मुख्यमंत्री ने विजेता खिलाड़ियों और टीमों को सम्मानित किया।
हर विधानसभा क्षेत्र में स्टेडियम बनाने की तैयारी
समापन समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेश में खेल सुविधाओं के विस्तार को लेकर बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश के सभी 230 विधानसभा क्षेत्रों में एक-एक स्टेडियम विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है। इन स्टेडियमों में अलग-अलग खेलों के लिए जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने की योजना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इसका उद्देश्य केवल बड़े शहरों तक खेल सुविधाओं को सीमित रखना नहीं, बल्कि गांवों और छोटे शहरों के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को भी बेहतर प्रशिक्षण और संसाधन उपलब्ध कराना है। इससे प्रदेश में नई खेल प्रतिभाओं को सामने आने का अवसर मिलेगा।
खेलों में MP की रैंकिंग में बड़ा सुधार
मुख्यमंत्री ने कहा कि कुछ वर्ष पहले मध्य प्रदेश खेलों के क्षेत्र में देश में 16वें-17वें स्थान के आसपास था, लेकिन अब प्रदेश तीसरे स्थान तक पहुंच गया है। उन्होंने बताया कि फिलहाल प्रदेश में 18 अलग-अलग खेलों के लिए 11 खेल अकादमियां संचालित की जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के तहत खेलों को शिक्षा से जोड़ने पर भी लगातार काम हो रहा है, ताकि खिलाड़ियों के साथ प्रशिक्षकों और खेल से जुड़े अन्य लोगों के लिए भी बेहतर अवसर तैयार किए जा सकें।
12 क्लबों के 87 खिलाड़ियों ने दिखाया दम
राजा भोज सेलिंग चैंपियनशिप में देश के अलग-अलग हिस्सों से आए 12 क्लबों के 87 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता के दौरान कुल 110 रेस आयोजित की गईं। कड़े मुकाबलों के बाद NSS भोपाल ने शीर्ष स्थान हासिल किया।
नेवी यूथ स्पोर्ट्स क्लब (NYSC) गोवा ने दूसरा और सिकंदराबाद ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। समापन समारोह में विजेता टीमों और खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय पदक विजेताओं का सम्मान
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मध्य प्रदेश का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया। इनमें कॉमनवेल्थ गेम्स की रजत पदक विजेता जूडो खिलाड़ी यामिनी मौर्य, शॉटपुट खिलाड़ी समरदीप सिंह गिल, पोल वॉल्ट खिलाड़ी देव कुमार मीणा और कुलदीप कुमार शामिल रहे।
इसके अलावा फेंसिंग खिलाड़ी खुशी दाबोड़े और 16वीं हॉकी इंडिया जूनियर चैंपियनशिप में रजत पदक जीतने वाली मध्य प्रदेश हॉकी अकादमी की टीम को भी सम्मानित किया गया।
भोपाल में बने खेल संग्रहालय की मांग
खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास सारंग ने भोपाल के बड़े तालाब को खेल और पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने मुख्यमंत्री से राजधानी में खेल संग्रहालय स्थापित करने का प्रस्ताव रखा। प्रस्तावित संग्रहालय में मध्य प्रदेश के खिलाड़ियों, उनकी उपलब्धियों और प्रदेश के खेल इतिहास से संबंधित जानकारी प्रदर्शित करने की योजना है।
मंत्री ने कहा कि ऐसा संग्रहालय युवाओं और उभरते खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का केंद्र बन सकता है। इससे प्रदेश की खेल उपलब्धियों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने में भी मदद मिलेगी।