इंदौर। मध्यप्रदेश में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को आधुनिक, सुरक्षित और पर्यावरण के अनुकूल बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया जा रहा है। इसी उद्देश्य से इंदौर में यात्री परिवहन विजन समिट-2026 का आयोजन किया जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 11 और 12 सितंबर को ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में आयोजित होने वाली इस दो दिवसीय समिट का शुभारंभ करेंगे। कार्यक्रम में परिवहन एवं स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह सहित देशभर के विशेषज्ञ, उद्योग प्रतिनिधि और परिवहन क्षेत्र से जुड़े लोग शामिल होंगे।

मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा पर रहेगा फोकस

समिट का मुख्य केंद्र मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा होगी। इसके तहत प्रदेश में जन-निजी भागीदारी (PPP मॉडल), आधुनिक आईटी तकनीक और हरित ऊर्जा आधारित परिवहन व्यवस्था को बढ़ावा देने की रणनीति तैयार की जाएगी।

मध्यप्रदेश यात्री परिवहन एंड इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड (MPYPIL) द्वारा आयोजित इस समिट का उद्देश्य प्रदेश में ऐसी परिवहन व्यवस्था विकसित करना है, जिससे यात्रियों को बेहतर सुविधा मिले और परिवहन क्षेत्र में निवेश व रोजगार के नए अवसर तैयार हों।

CM करेंगे इंडस्ट्री एक्सपो का उद्घाटन

समिट के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव इंडस्ट्री एक्सपो का भी शुभारंभ करेंगे। इस एक्सपो में बस निर्माता कंपनियां, आईटी कंपनियां, वित्तीय संस्थान और अन्य उद्योग अपने उत्पादों, तकनीक और नवाचारों का प्रदर्शन करेंगे।

इसके अलावा समिट की स्मारिका और मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा की भविष्य की योजनाओं पर आधारित विशेष पुस्तिका का विमोचन भी किया जाएगा। इस अवसर पर MPYPIL के नए लोगो का अनावरण और मोबिलिटी स्टार्टअप्स को बढ़ावा देने के लिए हैकाथॉन की शुरुआत भी होगी।

देशभर के विशेषज्ञ और कंपनियां होंगी शामिल

यात्री परिवहन विजन समिट में देशभर के परिवहन विशेषज्ञ, निजी बस ऑपरेटर, राज्य परिवहन निगमों के प्रतिनिधि, आईटी कंपनियां और उद्योग जगत के लोग भाग लेंगे। समिट में सार्वजनिक परिवहन को आसान, सुरक्षित, स्मार्ट और प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए सुझाव और रणनीति तैयार की जाएगी।

कार्यक्रम में EKA Mobility, Tata Motors, GreenCell Mobility, Volvo-Eicher, Switch Mobility, Rapido, Chalo Mobility, Indian Oil Corporation, SBI और Think Gas जैसी प्रमुख कंपनियां शामिल होंगी। इसके अलावा WRI India, BITS पिलानी, CEPT अहमदाबाद, KPMG और DIMTS जैसे संस्थानों के विशेषज्ञ भी अपने विचार साझा करेंगे।

ग्रीन मोबिलिटी और AI आधारित परिवहन पर होगा मंथन

समिट में कुल 8 सत्र आयोजित किए जाएंगे, जिनमें भविष्य की परिवहन व्यवस्था से जुड़े अहम विषयों पर चर्चा होगी। इनमें PPP मॉडल से निवेश बढ़ाना, बस संचालन को आर्थिक रूप से मजबूत बनाना, यात्री सुरक्षा, रोजगार और उद्यमिता को बढ़ावा देना शामिल है।

इसके साथ ही AI आधारित ट्रांसपोर्ट प्लानिंग, इंटेलिजेंट ट्रांसपोर्ट मैनेजमेंट सिस्टम (ITMS), इलेक्ट्रिक बसें, हाइड्रोजन फ्यूल, ग्रीन डिपो और स्मार्ट टिकटिंग सिस्टम जैसे विषयों पर भी विशेषज्ञ चर्चा करेंगे।

एकीकृत टिकटिंग और स्मार्ट बस सेवा पर जोर

समिट में यात्रियों के लिए बेहतर अनुभव तैयार करने के लिए डिजिटल टिकटिंग और ऑटोमेटेड किराया संग्रह प्रणाली पर भी विचार किया जाएगा। नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड, ओपन लूप पेमेंट सिस्टम और मोबिलिटी-एज-ए-सर्विस (MaaS) जैसे आधुनिक विकल्पों पर चर्चा होगी।

MP Mobility Vision-2030 को मिलेगी नई दिशा

इस समिट के जरिए मध्यप्रदेश सरकार का लक्ष्य MP Mobility Vision-2030 के तहत राज्य में एक मजबूत, सुरक्षित और टिकाऊ सार्वजनिक परिवहन नेटवर्क तैयार करना है। सरकार का मानना है कि आधुनिक परिवहन व्यवस्था से न केवल यात्रियों को सुविधा मिलेगी, बल्कि निवेश, रोजगार और पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।

Tags: