MP News : विदिशा में संदिग्ध घी बनाने वाली फैक्ट्री पर छापा, 300 किलो से ज्यादा घी और रंग बरामद
उपभोक्ता की शिकायत पर जिला प्रशासन और खाद्य विभाग की संयुक्त कार्रवाई, भोपाल से पहुंची तकनीकी टीम करेगी सैंपल की वैज्ञानिक जांच
MP News : विदिशा। मध्य प्रदेश के विदिशा में मिलावट की शिकायत के बाद जिला प्रशासन ने खाद्य विभाग के साथ मिलकर बड़ी कार्रवाई की है। मुखर्जी नगर स्थित घी निर्माण परिसर पर संयुक्त टीम ने अचानक दबिश दी। कार्रवाई के दौरान मौके से 300 किलोग्राम से अधिक संदिग्ध घी के साथ खाद्य पदार्थों में इस्तेमाल होने वाले कुछ संदिग्ध रंग और अन्य सामग्री बरामद की गई।
शिकायत के बाद प्रशासन ने की छापेमारी
जानकारी के मुताबिक, एक उपभोक्ता ने फैक्ट्री में तैयार किए जा रहे घी की गुणवत्ता और उसमें मिलावट को लेकर शिकायत की थी। शिकायत मिलने के बाद एसडीएम मनीष जैन, तहसीलदार प्रीति पंथी और खाद्य एवं औषधि प्रशासन की संयुक्त टीम ने मुखर्जी नगर स्थित ‘श्याम डेयरी’ के माध्यम से संचालित परिसर में जांच की।
टीम के पहुंचने पर परिसर में अलग-अलग ब्रांड और पैकेजिंग के जरिए घी तैयार किए जाने की जानकारी सामने आई। जांच के दौरान कुछ पैकेजिंग और लेबलिंग भी निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाए जाने की बात सामने आई।
घी में मिलाए जाने की आशंका, सैंपल जांच के लिए भेजे गए
कार्रवाई के दौरान परिसर से खाद्य सामग्री में इस्तेमाल होने वाले कुछ रासायनिक रंग और अन्य संदिग्ध सामग्री भी मिली। अधिकारियों के मुताबिक, इन सामग्रियों के घी में इस्तेमाल किए जाने की आशंका है, हालांकि इसकी पुष्टि जांच रिपोर्ट के बाद ही होगी।
एसडीएम मनीष जैन के अनुसार, मौके से 300 किलो से अधिक संदिग्ध घी जब्त किया गया है। नमूनों की वैज्ञानिक जांच के लिए भोपाल से खाद्य एवं औषधि विभाग की विशेष तकनीकी टीम भी विदिशा पहुंची है।
अब जब्त घी और अन्य सामग्रियों के सैंपल की प्रयोगशाला जांच रिपोर्ट का इंतजार है। रिपोर्ट सामने आने के बाद खाद्य सुरक्षा नियमों के तहत आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।