MP News : आगर-मालवा। मध्यप्रदेश के आगर-मालवा जिले में रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे के बाद हड़कंप मच गया। आमला गांव के पास उज्जैन-झालावाड़ नेशनल हाईवे पर तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क पर मौजूद दर्जनभर गोवंशों को टक्कर मार दी। हादसे में अब तक 5 गोवंशों की मौत होने की जानकारी है, जबकि करीब आधा दर्जन गोवंश घायल बताए जा रहे हैं।

हादसे के बाद हाईवे पर चक्काजाम

प्रत्यक्ष जानकारी के मुताबिक, हादसा रविवार सुबह आमला गांव के पास हुआ। ट्रक की रफ्तार इतनी तेज थी कि सड़क पर मौजूद कई गोवंश उसकी चपेट में आ गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे की खबर फैलते ही ग्रामीण मौके पर जुट गए। बड़ी संख्या में गोवंशों के हताहत होने से ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने उज्जैन-झालावाड़ नेशनल हाईवे पर चक्काजाम कर दिया।

दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार

चक्काजाम के कारण हाईवे पर दोनों दिशाओं में वाहनों की लंबी कतार लग गई। आवागमन बुरी तरह प्रभावित होने से राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा। सूचना मिलने के बाद पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने ग्रामीणों से बातचीत कर स्थिति सामान्य करने और जाम खुलवाने का प्रयास शुरू किया है। घायल गोवंशों के उपचार और मृत गोवंशों को हटाने की प्रक्रिया भी की जा रही है। फिलहाल पुलिस हादसे की परिस्थितियों की जांच कर रही है और ट्रक चालक के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।

Tags: