MP News : 2 लाख की रिश्वत की पहली किस्त लेते पटवारी गिरफ्तार, तहसीलदार समेत 3 पर केस दर्ज
कृषि भूमि के नामांतरण के बदले मांगी गई थी 2 लाख की रिश्वत, 20 हजार रुपये लेते लोकायुक्त ने पटवारी को दबोचा; दो अन्य अधिकारियों पर भी FIR.
MP News : खरगोन। इंदौर लोकायुक्त पुलिस ने खरगोन में रिश्वतखोरी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक पटवारी को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोप है कि कृषि भूमि के नामांतरण के बदले शिकायतकर्ता से कुल 2 लाख रुपये की रिश्वत मांगी गई थी। कार्रवाई के बाद राजस्व विभाग में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, बड़ी कसरावद निवासी पुनीत नाडीवाल ने इंदौर लोकायुक्त कार्यालय में शिकायत की थी। शिकायत में बताया गया कि उनकी पत्नी के नाम दर्ज कृषि भूमि के नामांतरण के लिए पटवारी खुम सिंह धारवे 2 लाख रुपये की मांग कर रहे थे। शिकायत के सत्यापन के बाद लोकायुक्त टीम ने ट्रैप की कार्रवाई की योजना बनाई।
निर्धारित योजना के तहत शिकायतकर्ता ने जब 20 हजार रुपये की पहली किस्त पटवारी को दी, तभी शारदा हॉस्पिटल के सामने पाटीदार मेडिकल के पास मौजूद लोकायुक्त टीम ने उसे पकड़ लिया। टीम ने रिश्वत की रकम भी बरामद की और आगे की कार्रवाई शुरू की।
तहसीलदार समेत तीन के खिलाफ मामला दर्ज
लोकायुक्त की जांच में इस प्रकरण में तहसीलदार अंतरसिंह कनेश और पटवारी कुलदीप यादव के नाम भी सामने आए हैं। पुलिस ने पटवारी खुम सिंह धारवे, पटवारी कुलदीप यादव और तहसीलदार अंतरसिंह कनेश के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
फिलहाल लोकायुक्त पुलिस मामले से जुड़े दस्तावेजों और अन्य तथ्यों की जांच कर रही है। आरोपों की आगे की पुष्टि जांच और कानूनी प्रक्रिया के दौरान होगी।