MP News : ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में एक क्लीनिक के अंदर मोबाइल फोन फटने से अफरा-तफरी मच गई। मरीज को दिखाने पहुंचे एक युवक का मोबाइल अचानक फट गया, जिससे क्लीनिक में आग लग गई। हालांकि, क्लीनिक स्टाफ की सूझबूझ से समय रहते आग पर काबू पा लिया गया और एक बड़ा हादसा टल गया।

घटना थाटीपुर थाना क्षेत्र के चौहान प्याऊ स्थित सृष्टि क्लीनिक की बताई जा रही है, जिसका संचालन डॉ. आशुतोष शर्मा करते हैं। जानकारी के अनुसार, युवक क्लीनिक में मरीज को दिखाने पहुंचा था। इसी दौरान अचानक उसका मोबाइल फोन फट गया। मोबाइल फटते ही आग लग गई और क्लीनिक में मौजूद लोगों के बीच हड़कंप मच गया।

स्थिति को संभालते हुए क्लीनिक के स्टाफ ने तुरंत मोबाइल पर पानी डालकर आग बुझाई। उनकी तत्परता से आग फैलने से पहले ही उस पर काबू पा लिया गया और संभावित बड़ा हादसा टल गया।

बताया जा रहा है कि मोबाइल फटने की पूरी घटना क्लीनिक में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है। घटना के बाद मोबाइल फोन की सुरक्षा और संभावित खतरे को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

Tags: