MP News : मिड-डे मील खाने के बाद 38 बच्चों की तबीयत बिगड़ी, 4 ICU में भर्ती
सांवेर के सरकारी स्कूल में कढ़ी-चावल खाने के बाद बच्चों ने की पेट दर्द, चक्कर और सिरदर्द की शिकायत; 19 बच्चे अस्पताल में भर्ती, फूड पॉइजनिंग की आशंका।
MP News : इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर जिले के सांवेर क्षेत्र में शनिवार को मिड-डे मील खाने के बाद 38 बच्चों की तबीयत बिगड़ने से हड़कंप मच गया। सिंहाना गांव के शासकीय माध्यमिक विद्यालय में बच्चों को कढ़ी-चावल परोसे गए थे। खाना खाने के कुछ देर बाद बच्चों ने पेट दर्द, चक्कर और सिरदर्द की शिकायत की।
19 बच्चे अस्पताल में भर्ती
तबीयत बिगड़ने के बाद बच्चों को उपचार के लिए इंदौर के अरविंदो अस्पताल ले जाया गया, जहां 19 बच्चों को भर्ती किया गया है। इनमें से 4 बच्चों को एहतियातन ICU में निगरानी में रखा गया है। डॉक्टरों के मुताबिक फिलहाल सभी बच्चों की हालत स्थिर है।
फूड पॉइजनिंग की आशंका
एक साथ कई बच्चों की तबीयत बिगड़ने के बाद फूड पॉइजनिंग की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, बच्चों की तबीयत खराब होने की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं है। स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन की टीम ने भोजन के सैंपल लेकर जांच शुरू कर दी है।
भोजन की गुणवत्ता भी जांच के घेरे में
जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि मिड-डे मील कहां तैयार हुआ था, स्कूल तक कैसे पहुंचा और बच्चों को परोसने से पहले भोजन की गुणवत्ता की जांच की गई थी या नहीं। रिपोर्ट आने के बाद ही घटना की सही वजह और जिम्मेदारी स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल अस्पताल में भर्ती बच्चों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है और डॉक्टर लगातार उनकी निगरानी कर रहे हैं।