MP News : केन-बेतवा मुआवजे में रिश्वत का आरोप, 47 हजार लेते पटवारी गिरफ्तार
पन्ना में लोकायुक्त की कार्रवाई, मुआवजा राशि बढ़वाने और दस्तावेज बनवाने के बदले 80 हजार की कथित मांग; 47 हजार लेते रंगे हाथों पकड़ा गया
MP News : पन्ना। केन-बेतवा लिंक परियोजना के मुआवजा प्रकरण में लोकायुक्त सागर की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पटवारी संतोष चिकवा को 47 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। कार्रवाई पन्ना के हॉस्पिटल चौक पर की गई, जहां आरोपी से रिश्वत की रकम उसकी बाइक की डिग्गी से बरामद होने की बात सामने आई है।
शिकायतकर्ता दयाराम आदिवासी के मुताबिक, परियोजना से प्रभावित परिवार को पहले 1.35 लाख रुपये का मुआवजा मिला था। बढ़ी हुई करीब 63 हजार रुपये की राशि दिलाने और मृत्यु प्रमाण पत्र समेत अन्य दस्तावेज तैयार कराने के एवज में पटवारी ने 80 हजार रुपये की मांग की थी।
शिकायत के अनुसार, दयाराम पहले ही 30 हजार रुपये दे चुका था। बाकी रकम देने से पहले उसने लोकायुक्त सागर में शिकायत की। शिकायत का सत्यापन होने के बाद टीम ने जाल बिछाया और 47 हजार रुपये लेते ही पटवारी को पकड़ लिया। लोकायुक्त की कार्रवाई के बाद आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।