MP Crime : पति गए मूर्ति विसर्जन में, घर में अकेली महिला को बंधक बनाकर 3 बदमाशों ने की लूटपाट
जबलपुर की प्रज्ञा बिहार कॉलोनी में रात 1 बजे वारदात, मंगलसूत्र, सोने-चांदी के जेवर और 50 हजार रुपये नकद लेकर फरार हुए बदमाश
MP Crime : जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर में मूर्ति विसर्जन के दौरान एक घर में घुसकर महिला को बंधक बनाने और लूटपाट करने का मामला सामने आया है। खितौला थाना क्षेत्र की प्रज्ञा बिहार कॉलोनी में तीन अज्ञात बदमाशों ने रात के अंधेरे में वारदात को अंजाम दिया। आरोपी महिला का मंगलसूत्र छीनने के साथ ही सोने-चांदी के जेवर और 50 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
रात करीब 1 बजे घर में घुसे बदमाश
जानकारी के मुताबिक, प्रज्ञा बिहार कॉलोनी निवासी आरती विश्वकर्मा के पति मूर्ति विसर्जन कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। इस दौरान आरती घर में अकेली थीं। इसी मौके का फायदा उठाकर रात करीब 1 बजे तीन बदमाश घर का ताला तोड़कर अंदर दाखिल हो गए।
महिला को बंधक बनाकर छीना मंगलसूत्र
घर में घुसते ही बदमाशों ने आरती को बंधक बना लिया। आरोप है कि उनके साथ मारपीट करते हुए गले से मंगलसूत्र छीन लिया गया। इसके बाद बदमाशों ने अलमारी का लॉक तोड़ा और उसमें रखे सोने-चांदी के जेवर तथा 50 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए।
CCTV फुटेज से बदमाशों की तलाश
घटना की सूचना मिलने पर खितौला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पीड़िता की शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस इलाके में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि बदमाशों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जा सके। फिलहाल मामले की जांच जारी है।