MP Crime : सूना मकान देख चोरों ने बोला धावा, 4 लाख कैश के साथ 27 तोला सोना और 4 किलो चांदी ले उड़े
शिवपुरी की संजय कॉलोनी में तीन दरवाजों के ताले तोड़कर वारदात, परिवार के लौटने पर खुला चोरी का राज, पुलिस जांच में जुटी
MP Crime : शिवपुरी। मध्यप्रदेश के शिवपुरी में चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाकर बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। फिजिकल थाना क्षेत्र की संजय कॉलोनी में चोरों ने मकान के तीन दरवाजों के ताले तोड़कर घर में प्रवेश किया और अलमारी में रखी लाखों रुपये की नकदी के साथ बड़ी मात्रा में सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए।
यह वारदात दौलत सिंह के होटल के पीछे रहने वाले मातादीन अग्रवाल के मकान में हुई। बताया जा रहा है कि 28 अगस्त की दोपहर मातादीन अग्रवाल अपने परिवार के साथ कानपुर स्थित अपनी ससुराल गए थे। घर के सूने होने का फायदा उठाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया।
तीन गेटों के ताले तोड़कर घर में घुसे चोर
चोरों ने मकान में दाखिल होने के लिए एक के बाद एक तीन गेटों के ताले तोड़े। इसके बाद घर के अंदर रखी अलमारी का ताला खोलकर उसमें मौजूद कीमती सामान और नकदी समेट ली। परिवार जब वापस घर पहुंचा तो मुख्य दरवाजे से लेकर अंदर तक टूटे ताले देखकर उनके होश उड़ गए। घर के अंदर सामान बिखरा हुआ था और अलमारी खुली पड़ी थी। इसके बाद चोरी की जानकारी पुलिस को दी गई।
लाखों की नकदी और जेवरात चोरी
पीड़ित परिवार के मुताबिक, चोर करीब 4 लाख रुपये नकद, 27 तोला सोना और लगभग 4 किलो चांदी के आभूषण चोरी कर ले गए। चोरी हुए सामान की कीमत लाखों रुपये में बताई जा रही है। सूचना मिलने के बाद फिजिकल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। चोरों तक पहुंचने के लिए आसपास के इलाकों और संभावित सुरागों की भी जांच की जा रही है।