MP Crime : मंदसौर। मध्य प्रदेश के मंदसौर में पुलिस ने अंतरराज्यीय साइबर ठगी गिरोह का पर्दाफाश करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, गिरोह ने देश के अलग-अलग राज्यों में 100 से ज्यादा साइबर ठगी की वारदातों को अंजाम दिया और शुरुआती जांच में 11 करोड़ रुपये से अधिक के ऑनलाइन फ्रॉड का पता चला है।

मैट्रिमोनियल साइट के जरिए बनाते थे शिकार

मामले का खुलासा एक युवती की शिकायत के बाद हुआ। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने मैट्रिमोनियल साइट पर खुद को NRI बताकर युवती से संपर्क किया और शादी का झांसा दिया। इसके बाद विदेशी गिफ्ट भेजने की बात कहकर कस्टम ड्यूटी और प्रोसेसिंग फीस के नाम पर अलग-अलग किस्तों में करीब 7.5 लाख रुपये ठग लिए गए।

150 से ज्यादा फर्जी खातों का इस्तेमाल

जांच में पुलिस को पता चला कि ठगी की रकम फर्जी नाम-पते पर खोले गए म्यूल बैंक खातों में ट्रांसफर कराई जाती थी। इसके बाद रकम को तेजी से निकाल लिया जाता था। गिरोह ने 150 से अधिक फर्जी बैंक खातों और मोबाइल सिम का इस्तेमाल किया। पुलिस के मुताबिक, किसी खाते के फ्रीज होने के बाद आरोपी उससे जुड़े मोबाइल, सिम, एटीएम कार्ड और पासबुक को नष्ट कर देते थे, ताकि जांच एजेंसियों को सबूत न मिल सकें।

जयपुर और अरवल में दबिश, बड़ी संख्या में सामान बरामद

मंदसौर पुलिस की विशेष टीम ने राजस्थान के जयपुर और बिहार के अरवल में दबिश देकर गिरोह के मुख्य सरगना समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से 22 एंड्रॉयड मोबाइल, 30 सिम कार्ड और पांच एटीएम कार्ड बरामद किए गए हैं।

पुलिस ने विभिन्न फर्जी बैंक खातों में जमा 8 लाख रुपये से अधिक की रकम को भी फ्रीज कराया है। पुलिस के अनुसार, कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद इस राशि को पीड़िता को वापस दिलाने की कार्रवाई की जाएगी। मामले में गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और साइबर ठगी की बाकी वारदातों की जांच जारी है।

Tags: