MP Crime News : Instagram पर नौकरी का झांसा, फिर हनीट्रैप और 50 लाख की फिरौती, मामा को फंसाने की साजिश में भांजा निकला मास्टरमाइंड
MP Crime News : उज्जैन। मध्य प्रदेश के उज्जैन में इंस्टाग्राम के जरिए रची गई हनीट्रैप, अपहरण और फिरौती की सनसनीखेज साजिश का पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। इस मामले में सबसे चौंकाने वाली बात यह सामने आई कि पीड़ित युवक को फंसाने की साजिश उसके अपने ही भांजे ने रची थी। पुलिस के मुताबिक, भांजे ने मामा की आर्थिक स्थिति, सोशल मीडिया प्रोफाइल और अन्य निजी जानकारियां गिरोह तक पहुंचाईं, जिसके बाद पूरी वारदात को अंजाम दिया गया।
पुलिस जांच के अनुसार, ग्राम नरवर निवासी हैदर पटेल से इंस्टाग्राम पर अंजली ठाकुर नाम की युवती ने नौकरी दिलाने के बहाने संपर्क किया और मिलने के लिए बुलाया। तय स्थान पर पहुंचते ही पहले से मौजूद आरोपियों ने उसका अपहरण कर लिया। इसके बाद पीड़ित के साथ मारपीट की गई, उसका आपत्तिजनक वीडियो बनाया गया और वीडियो वायरल करने व झूठे मामले में फंसाने की धमकी देकर परिवार से 50 लाख रुपये की फिरौती मांगी गई। बाद में सौदा 26 लाख रुपये में तय हुआ, जिसमें आरोपियों ने 10 लाख रुपये लेकर युवक को छोड़ दिया और बाकी रकम की मांग जारी रखी।
मामले की जांच के दौरान साइबर तकनीकी विश्लेषण, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने मुख्य आरोपी लोकेश शर्मा समेत 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। वहीं महिला आरोपी अंजली ठाकुर और एक अन्य आरोपी अभी भी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि गिरोह पहले ऐसे लोगों की पहचान करता था, जिनके पास हाल ही में पैसा आया हो या जिन्हें आसानी से हनीट्रैप में फंसाया जा सके। इसी योजना के तहत पीड़ित के भांजे इदरीश पटेल ने अपने मामा की पूरी जानकारी गिरोह को उपलब्ध कराई, जिससे अपराधियों के लिए वारदात को अंजाम देना आसान हो गया।
पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया कि शुरुआती आरोपों के विपरीत, जांच में किसी भी हिंदूवादी संगठन की संलिप्तता सामने नहीं आई है। स्वयं पीड़ित हैदर पटेल ने भी बयान दिया कि घटना में किसी संगठन का कोई कार्यकर्ता शामिल नहीं था और शिकायत दर्ज कराने में कुछ सामाजिक कार्यकर्ताओं ने उसकी मदद की थी।
फिलहाल पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है और यह भी जांच कर रही है कि क्या इसी गिरोह ने प्रदेश के अन्य जिलों में भी इसी तरह की हनीट्रैप और फिरौती की वारदातों को अंजाम दिया है। सामने आए सीसीटीवी फुटेज और डिजिटल साक्ष्यों की भी बारीकी से जांच की जा रही है।