MP Crime : ढाबे पर मालिक को चकमा देकर 27 लाख लेकर भागा ड्राइवर, राजस्थान से गिरफ्तार
राऊ क्षेत्र में ढाबे पर नाश्ते के दौरान कार और नकदी लेकर फरार हुआ था आरोपी, पुलिस ने कार बरामद कर आरोपी को दबोचा
MP Crime : इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर में कार और लाखों रुपये की नकदी लेकर फरार हुए ड्राइवर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने ढाबे पर खड़ी कार से करीब 27 लाख रुपये की रकम लेकर फरार होने के बाद राजस्थान के धार्मिक स्थलों में घूमता रहा।
पुलिस के अनुसार, फरियादी गौरव मित्तल 24 अगस्त को पीथमपुर में पुरानी क्रेन बेचकर रकम लेकर लौट रहे थे। राऊ क्षेत्र के एक ढाबे पर नाश्ते के लिए रुकने के दौरान उनके ड्राइवर रोहित कोसे ने कार और उसमें रखी नकदी लेकर वहां से निकल गया।
वारदात के बाद आरोपी इंदौर में एक फ्लैट में छिपा रहा। इसके बाद वह चोरी की रकम लेकर राजस्थान पहुंचा और खाटू श्याम, श्री बालाजी और सांवरिया सेठ सहित धार्मिक स्थलों पर गया।
मामले की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश के लिए टीम गठित की। जांच के दौरान पुलिस ने आजाद नगर इलाके से लावारिस कार बरामद की। इसके बाद मुखबिर से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने इंदौर लौटे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी के कब्जे से करीब 24.50 लाख रुपये बरामद किए गए हैं। बाकी रकम की बरामदगी के लिए उसे रिमांड पर लिया गया है। पुलिस ने यह भी बताया कि आरोपी के खिलाफ पहले से आपराधिक मामले दर्ज हैं और नौकरी पर रखने से पहले उसका पुलिस वेरिफिकेशन नहीं कराया गया था।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी कर्मचारी को काम पर रखने से पहले उसका पुलिस वेरिफिकेशन जरूर कराएं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।