भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में सोमवार सुबह एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। खजूरी सड़क थाना क्षेत्र में परिवहन विभाग की महिला इंस्पेक्टर मीनाक्षी गोखले की उनके घर में हत्या कर दी गई। घटना के बाद उनके करीबी बताए जा रहे युवक पवन कुमार द्विवेदी ने भी फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

घर में मिला महिला इंस्पेक्टर का शव

जानकारी के अनुसार, 45 वर्षीय मीनाक्षी गोखले का शव भंवरी जोड़ स्थित लेखपाल कॉलोनी में उनके घर के अंदर खून से लथपथ हालत में मिला। सोमवार सुबह करीब 7 बजे उनकी रूममेट ने पुलिस को घटना की जानकारी दी।

सूचना मिलते ही खजूरी सड़क थाना पुलिस, वरिष्ठ अधिकारी और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। जांच के दौरान खून से सना हथौड़ा भी बरामद किया गया है।

संदिग्ध युवक ने भी उठाया आत्मघाती कदम

पुलिस के मुताबिक, सीधी निवासी पवन कुमार द्विवेदी कुछ दिन पहले इंदौर से भोपाल आया था और मीनाक्षी के घर पर ही ठहरा हुआ था। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों के बीच पहचान थी।

पुलिस की शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि किसी विवाद के बाद पवन ने हथौड़े से हमला किया, जिसके बाद मीनाक्षी की मौत हो गई। इसके बाद पवन ने घर से कुछ दूरी पर पेड़ से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।

शादी को लेकर विवाद की बात सामने आई

पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि दोनों के बीच शादी को लेकर विवाद चल रहा था। शुरुआती जांच के आधार पर पुलिस इसी एंगल से मामले की पड़ताल कर रही है।

बताया जा रहा है कि पवन पहले इंदौर में कोचिंग क्लास चलाता था और वर्तमान में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था। पुलिस को उसके पास से कुछ दस्तावेज भी मिले हैं, जिनकी जांच की जा रही है।

पुलिस जुटा रही वारदात की पूरी कड़ी

मीनाक्षी गोखले की एक तीन साल की बेटी होने की जानकारी सामने आई है। वह अपने पति से अलग रह रही थीं। हालांकि, उनके वैवाहिक संबंधों से जुड़ी अन्य जानकारी की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।

फिलहाल पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एफएसएल टीम की रिपोर्ट और पोस्टमार्टम के बाद मामले से जुड़े अन्य तथ्य सामने आने की उम्मीद है। पुलिस घटना के हर पहलू की जांच कर रही है।

Tags: