MP Accident : तेज रफ्तार यात्री बस ने बाइक को मारी टक्कर, दो की मौत, चालक फरार
उज्जैन के घटिया थाना क्षेत्र में भान बड़ोदिया के पास हादसा, बाइक सवार एक युवक गंभीर घायल; बस चालक की तलाश जारी
MP Accident : उज्जैन। जिले के घटिया थाना क्षेत्र में गुरुवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। भान बड़ोदिया गांव के पास तराना से उज्जैन जा रही आनंद ट्रैवल्स की बस ने बाइक सवार तीन लोगों को टक्कर मार दी। हादसे में दो बाइक सवारों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।
मृतकों की पहचान मनोहर सोलंकी (45), निवासी बिसनखेड़ा और मांगीलाल परमार के रूप में हुई है। वहीं शंकर सोलंकी (45) गंभीर रूप से घायल है, जिसका अस्पताल में उपचार जारी है।
बताया गया कि तीनों खेती-किसानी से जुड़े थे और आपस में रिश्तेदार व पड़ोसी थे। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
हादसे के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और फरार चालक की तलाश के साथ दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।