MP Accident : सागर। मध्यप्रदेश के सागर जिले के सानौधा थाना क्षेत्र में शुक्रवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। आपचंद गुफा के पास पुराई की तलाई में तेज रफ्तार कार और मोटरसाइकिल के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में 2 लोगों की मौत हो गई, जबकि 3 लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सड़क किनारे लगा एक विशाल पेड़ भी टूटकर गिर गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद सानौधा थाना प्रभारी उपमा सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं।

पुलिस ने घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा, जहां उनका इलाज जारी है। वहीं मृतकों के शवों को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजा गया है।

फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार को दुर्घटना की वजह माना जा रहा है, हालांकि पुलिस की जांच के बाद ही हादसे की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Tags: