कोटा/भोपाल। राजस्थान के कोटा जिले से एक दिल दहला देने वाली बड़ी खबर सामने आई है। भोपाल और बैतूल के रास्ते खाटूश्यामजी के दर्शन करने जा रही श्रद्धालुओं से भरी एक मिनी बस अनियंत्रित होकर दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे से नीचे एक नाले में जा गिरी। शनिवार सुबह हुए इस भीषण सड़क हादसे में 8 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई है, जबकि 17 अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।

दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर हुआ हादसा

जानकारी के मुताबिक, यह भीषण दुर्घटना कोटा जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर हुई। मिनी बस में कुल 25 यात्री सवार थे। शुरुआती आशंका जताई जा रही है कि वाहन चलाते समय चालक को नींद की झपकी आ गई होगी, जिसके चलते बस पर से नियंत्रण छूट गया और वह सीधे सड़क से नीचे नाले में जा गिरी। हादसा इतना भयानक था कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह चकनाचूर हो गया।

बैतूल के रहने वाले थे मृतक

इस दर्दनाक हादसे में जान गंवाने वाले अधिकांश लोग मध्य प्रदेश के बैतूल जिले के बताए जा रहे हैं। शुरुआती पहचान के मुताबिक मृतकों में अरुणा, वैष्णवी, त्रिशा, कृष्णा, अनिता, ओम सूर्यवंशी और राजू शामिल हैं। इसके अलावा बस चालक की भी इस दुर्घटना में मौत हो गई है। इस हृदयविदारक घटना के बाद मृतकों के परिवारों और उनके पैतृक गांवों में शोक की लहर दौड़ पड़ी है।

पुलिस और स्थानीय लोगों ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुँची। स्थानीय नागरिकों की मदद से युद्धस्तर पर राहत और बचाव कार्य चलाया गया। बस के अंदर फंसे घायलों और शवों को बाहर निकालने के लिए बस के शीशे तोड़ने पड़े। सभी घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनका इलाज जारी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के असल कारणों की गहन जांच की जा रही है।

Tags: