MP : CM मोहन यादव ने सेवा संकल्प बाइक राइडर्स का किया स्वागत, 35 लाख पेंशन हितग्राहियों के खाते में ट्रांसफर किए 212 करोड़
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने देवास जिले के पुंजापुरा में वडनगर से वाराणसी जा रही सेवा संकल्प बाइक यात्रा का स्वागत किया।
देवास। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने देवास जिले के पुंजापुरा में वडनगर से वाराणसी जा रही सेवा संकल्प बाइक यात्रा का स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों को याद करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री ने अनुशासन, परिश्रम और राष्ट्र सेवा की भावना के साथ देश को नई दिशा देने का काम किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2001 में गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शुरू हुई प्रधानमंत्री मोदी की संवैधानिक जिम्मेदारी आज देश के प्रधानमंत्री के रूप में राष्ट्र सेवा तक पहुंची है। उन्होंने कहा कि गरीब, किसान, महिला, युवा और वंचित वर्ग को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना उनकी कार्यशैली का प्रमुख हिस्सा रहा है।
35 लाख से ज्यादा पेंशन हितग्राहियों को मिली आर्थिक सहायता
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत प्रदेश के 35 लाख 42 हजार हितग्राहियों के खातों में सिंगल क्लिक के माध्यम से 212 करोड़ 57 लाख रुपये की राशि अंतरित की।
इसके अलावा मुख्यमंत्री ने करणावत पुलिस सहायता केंद्र को पुलिस थाना बनाने, पुलिस जवानों के लिए आवास निर्माण और शासकीय गोदाम के लिए राशि स्वीकृत करने की घोषणा भी की।
यात्रा के उद्देश्य और अनुभव साझा किए बाइक राइडर्स ने
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सेवा संकल्प बाइक यात्रा में शामिल युवाओं से वर्चुअली संवाद किया। देवास कार्यक्रम में शाजापुर निवासी सेवा यात्री दीपेश गोटी ने प्रधानमंत्री से बातचीत करते हुए यात्रा के अनुभव साझा किए।
उन्होंने बताया कि यात्रा के दौरान अलग-अलग राज्यों की संस्कृति, भाषा और लोगों से जुड़ने का अवसर मिला। साथ ही पीएम आवास सहित केंद्र सरकार की योजनाओं के लाभार्थियों से भी मुलाकात हुई।
MP के युवाओं की उद्यमशीलता की पीएम ने की सराहना
दीपेश गोटी द्वारा वडनगर में स्थानीय लोगों से संपर्क और व्यापारिक अवसर तलाशने की जानकारी देने पर प्रधानमंत्री मोदी ने मध्यप्रदेश के युवाओं की सोच की सराहना की।
उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश के युवा अब नए अवसरों की तलाश कर रहे हैं और उनमें उद्यमशीलता की भावना बढ़ रही है। सेवा संकल्प यात्रा के दौरान युवाओं ने 'माय प्रामिस टू मोदी जी' अभियान भी शुरू किया है, जिसमें 25 सेवा कार्यों का संकल्प लिया जा रहा है।
25 सितंबर से शुरू होगी मुख्यमंत्री सुगम परिवहन बस सेवा
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि राज्य सरकार जनकल्याण और विकास के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने बताया कि 25 सितंबर को पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती के अवसर पर मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री सुगम परिवहन बस सेवा की शुरुआत होगी।
उन्होंने कहा कि 20 साल से बंद राज्य परिवहन निगम की बस सेवा को फिर शुरू किया जा रहा है। प्रदेश में नगरीय क्षेत्रों के साथ-साथ ग्रामीण इलाकों को भी इस सेवा का लाभ मिलेगा।
किसान, महिला और युवाओं के लिए सरकार की योजनाओं का जिक्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसान कल्याण वर्ष के तहत राज्य में सिंचाई सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। प्रदेश में सिंचित कृषि क्षेत्र का रकबा बढ़कर 65 लाख हेक्टेयर तक पहुंच गया है।
उन्होंने कहा कि किसानों को समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी में बोनस सहित बेहतर लाभ दिया जा रहा है। वहीं मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के तहत अब तक 55 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि महिलाओं के खातों में भेजी जा चुकी है।
शिक्षा और रोजगार को लेकर सरकार के प्रयासों की जानकारी दी
सीएम मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश में शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए मेधावी विद्यार्थियों को लैपटॉप, स्कूटी, साइकिल और छात्रवृत्ति जैसी सुविधाएं दी जा रही हैं। उन्होंने दावा किया कि सरकारी प्राथमिक स्कूलों में ड्रॉप आउट दर को शून्य तक लाने में सफलता मिली है।
उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाए जा रहे हैं। पुलिस विभाग में 18 हजार पदों पर भर्ती की गई है, जबकि एमएसएमई सेक्टर से बड़ी संख्या में लोगों को रोजगार मिल रहा है।
मुख्यमंत्री ने बाइक राइड कर दिया सेवा का संदेश
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सेवा संकल्प बाइक यात्रा में शामिल होकर बाइक राइड भी की। उन्होंने पौधरोपण किया और मेधावी विद्यार्थियों को स्कूटी वितरित की।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, सांसद वी.डी. शर्मा सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में युवा मौजूद रहे।