मुंबई। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा अब क्रिकेट के मैदान के बाद टेलीविजन की दुनिया में कदम रखने जा रहे हैं। रोहित जल्द ही अपने नए शो ‘फैमिली फुल हाउस विद रोहित शर्मा’ के जरिए टीवी डेब्यू करेंगे। इस शो का प्रीमियर 19 सितंबर 2026 को होगा।

शो के मेकर्स ने इसकी पहली झलक दिखाते हुए टीजर जारी कर दिया है, जिसे लेकर रोहित शर्मा के फैंस में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। पिछले कुछ समय से शो को लेकर प्रोमो जारी किए जा रहे थे, लेकिन अब इसके नाम और रिलीज डेट का आधिकारिक ऐलान कर दिया गया है।

टीजर में नजर आए क्रिकेट और मनोरंजन जगत के सितारे

‘फैमिली फुल हाउस’ के टीजर में क्रिकेट और फिल्म-टीवी जगत के कई चर्चित चेहरे दिखाई दे रहे हैं। इसमें श्रेयस अय्यर, शार्दुल ठाकुर, अभिषेक नायर, कुणाल खेमू और स्पर्श श्रीवास्तव जैसे कलाकार और खिलाड़ी शामिल हैं।

टीजर में रोहित शर्मा का मजेदार अंदाज देखने को मिल रहा है। एक प्रोमो में वह अपने फैंस से बातचीत करते नजर आते हैं, जहां कुछ प्रशंसक उनसे उनके चर्चित ‘गार्डन’ और ‘गली क्रिकेट’ वाले डायलॉग बोलने की मांग करते हैं।

इस पर रोहित मजाकिया अंदाज में कहते हैं कि उन्होंने सिर्फ दो लाइन बोली थीं, जो इतनी ज्यादा वायरल हो गईं। इसके बाद वह कहते हैं कि जब पूरा शो आएगा तो क्या होगा।


क्रिकेट फैंस के लिए भी खास होगा शो

रोहित शर्मा की लोकप्रियता को देखते हुए इस शो को क्रिकेट प्रेमियों के लिए भी खास माना जा रहा है। शो में मनोरंजन, गेम्स और मजेदार चुनौतियों का तड़का देखने को मिलेगा। ‘फैमिली फुल हाउस’ में टीवी और मनोरंजन जगत के कई लोकप्रिय चेहरे अलग-अलग गतिविधियों और मजेदार सेगमेंट में हिस्सा लेते नजर आएंगे।

टीवी पर बड़े शोज के बीच रोहित की एंट्री

जिस चैनल पर रोहित शर्मा का यह शो प्रसारित होगा, वहां पहले से ही कई बड़े मनोरंजन कार्यक्रम लाइनअप में हैं। इनमें कौन बनेगा करोड़पति का नया सीजन और भारती सिंह-हर्ष लिंबाचिया का गेम शो भी शामिल है।

क्रिकेट के मैदान पर अपनी कप्तानी और बल्लेबाजी से पहचान बनाने वाले रोहित शर्मा अब मनोरंजन की दुनिया में किस तरह का कमाल दिखाते हैं, इस पर फैंस की नजरें टिकी हुई हैं।

Tags: