ODI World Cup 2027: विराट का बड़ा ऐलान, बोले- 2027 वर्ल्ड कप मेरा आखिरी, ट्रॉफी के लिए सब दांव पर लगा दूंगा; रोहित ने कहा- अभी बहुत कुछ हासिल करना है...
2027 वर्ल्ड कप को लेकर विराट ने साफ किया इरादा
ODI World Cup 2027: नई दिल्ली: भारत और वेस्टइंडीज के बीच रविवार से तीन मैचों की वनडे सीरीज शुरू होगी। तिरुवनंतपुरम में होने वाला पहला मुकाबला भारत के लिए 2027 वनडे वर्ल्ड कप की तैयारियों की शुरुआत भी माना जा रहा है। इससे पहले विराट कोहली ने अपने इरादे साफ कर दिए। उन्होंने कहा कि दक्षिण अफ्रीका में होने वाला 2027 वनडे विश्व कप भारत के लिए उनका आखिरी विश्व कप होगा।
‘50 ओवर के विश्व कप की तीव्रता सबसे ज्यादा’
पहले वनडे से पहले जियोस्टार से बातचीत में कोहली ने कहा, '50 ओवर के विश्व कप की तीव्रता किसी भी चीज से ज्यादा होती है। अब यह 10 मैचों में टी20 स्तर की तीव्रता जैसा है। लेकिन आप एक दिन में ढाई टी20 मैच खेल रहे होते हैं। एक बड़े टूर्नामेंट और विश्व कप के 10 मैचों तक उस तीव्रता को बनाए रखना बड़ी बात है। साथ ही अब यह विदेशी परिस्थितियों में है। यह आपसे बहुत कुछ ले लेता है।'
उन्होंने आगे कहा, 'मेरे लिए यह भारत के लिए आखिरी विश्व कप है जो मैं खेलने वाला हूं। यही मेरी प्रेरणा है। मैं अपना सब कुछ मैदान पर छोड़ देना चाहता हूं। जाहिर तौर पर लक्ष्य विश्व कप जीतना है और इसे जीतने के लिए जो कुछ भी करना पड़ेगा, मैं उसके लिए बिल्कुल तैयार हूं।'
रोहित बोले- जब तक खेल रहा हूं, नया हासिल करना है
रोहित शर्मा ने भी वर्ल्ड कप को लेकर अपना लक्ष्य बताया। उन्होंने कहा, 'यह विचार मेरे दिमाग में कभी नहीं आएगा कि मेरा काम पूरा हो गया है। जब तक आप खेल रहे हैं, हमेशा कुछ ऐसा होता है जिसका इंतजार किया जा सकता है। मैं विश्व कप को लेकर उत्साहित हूं और यह देख रहा हूं कि मेरे लिए आगे क्या है।'
उन्होंने कहा, 'जब विश्व कप खेला जाता है या हम कोई आईसीसी टूर्नामेंट खेलते हैं, तो उसकी अपनी एक अलग चुनौती होती है। आप अलग-अलग टीमों का सामना करते हैं और अलग-अलग मैदानों पर खेलते हैं। इसलिए आपको अलग तरीके से तैयारी करनी होती है और अलग तरह से सोचना होता है। यही चुनौती है।'
कोहली का वर्ल्ड कप रिकॉर्ड शानदार
विराट ने वनडे वर्ल्ड कप में 37 मैचों में 1,795 रन बनाए हैं। उनका औसत 59.83 है और नाम 5 शतक व 12 अर्धशतक हैं। वहीं रोहित 2023 वर्ल्ड कप में भारत को फाइनल तक ले गए थे। भारत ऑस्ट्रेलिया से फाइनल हार गया था।
रविवार से शुरू होगी वनडे सीरीज
भारत-वेस्टइंडीज पहला वनडे 27 सितंबर को तिरुवनंतपुरम के ग्रीनफील्ड स्टेडियम में दोपहर 2 बजे से होगा। मुकाबला जियोहॉटस्टार और स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर देखा जा सकेगा।